Aapka Rajasthan

इंडोनेशिया और जापान जैसे देशों में क्यों आते हैं बार-बार भूकंप? रिंग ऑफ फायर के रेड जोन में स्थित हैं ये देश

नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडोनेशिया में गुरुवार को जबरदस्त भूकंप के झटके महसूस हुए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.4 रही। अमेरिका के भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि गुरुवार तड़के पूर्वी इंडोनेशिया के तट से दूर समुद्र में 7.4 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया। जापान, इंडोनेशिया और फिलीपींस समेत कुछ ऐसे देश हैं, जहां अक्सर भूकंप के झटके महसूस होते हैं।
 
गुरुवार को झटके के बाद एक अमेरिकी निगरानी एजेंसी ने भूकंप के केंद्र से 1,000 किलोमीटर के दायरे में सुनामी की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की।

यूएसजीएस के अनुसार, भूकंप का केंद्र 1.20 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 126.35 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। चीन के भूकंप नेटवर्क केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, यह भूकंप लगभग 30 किलोमीटर की गहराई पर आया।

यूएसजीएस ने आगे बताया कि यह भूकंप, जिसकी तीव्रता शुरू में 7.8 मापी गई थी, स्थानीय समय के अनुसार सुबह लगभग 6:48 बजे मोलुक्का सागर में आया।

जापान, फिलीपींस और इंडोनेशिया में बार-बार भूकंप आने का मुख्य कारण इन देशों का 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' में स्थित होना है। ये देश कई बड़ी टेक्टोनिक प्लेटों (जैसे प्रशांत, यूरेशियन और फिलीपीन प्लेट) के मिलन स्थल पर स्थित हैं।

इसी वजह से यहां प्लेटों के आपस में टकराने, रगड़ने या एक-दूसरे के नीचे धंसने से भारी ऊर्जा निकलती है, जो भूकंप का रूप लेती है। रिंग ऑफ फायर एक अति सक्रिय भूकंपीय क्षेत्र है, जहां 80 फीसदी भूकंप आते हैं।

जापान चार प्रमुख प्लेटों, पैसिफिक, फिलीपीन सी, यूरेशियन और उत्तरी अमेरिकी प्लेटों के मिलन बिंदु पर स्थित है। इंडोनेशिया इंडो-ऑस्ट्रेलियाई, यूरेशियन और प्रशांत प्लेटों की सीमा पर स्थित है। इसके अलावा फिलीपींस फिलीपीन सागर प्लेट और यूरेशियन प्लेट के बीच स्थित है।

रिंग ऑफ फायर के सबसे उच्च जोखिम वाले रेड जोन में एशिया के जापान, फिलीपींस, इंडोनेशिया और ताइवान देश, उत्तरी अमेरिका का अलास्का का तटीय क्षेत्र और कैलिफोर्निया का सैन एंड्रियास फॉल्ट इलाका, दक्षिण अमेरिका के चिली और पेरू का तटीय क्षेत्र और ओशिनिया का न्यूजीलैंड (विशेषकर उत्तरी द्वीप) और पापुआ न्यू गिनी स्थित है।

इसके अलावा ऑरेंज जोन में मध्य अमेरिका का ग्वाटेमाला, अल साल्वाडोर, निकारागुआ और कोस्टा रिका; उत्तरी अमेरिका का मेक्सिको का मध्य भाग और कनाडा का पश्चिमी तट (ब्रिटिश कोलंबिया); दक्षिण अमेरिका का इक्वाडोर और कोलंबिया; और प्रशांत द्वीप का फिजी, टोंगा और सोलोमन द्वीप समूह शामिल है।

येलो जोन में एशिया में मलेशिया के कुछ हिस्से और वियतनाम का तटीय इलाका, पश्चिमी अमेरिका के वे राज्य जो तट से थोड़े अंदर की ओर हैं (जैसे ओरेगन और वाशिंगटन के आंतरिक हिस्से) और ओशिनिया के ऑस्ट्रेलिया का उत्तरी भाग (जो इंडोनेशिया के करीब है) शामिल है।

--आईएएनएस

केके/एबीएम