इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, सलमान खुर्शीद बोले- उनकी उपलब्धियों से आगे निकलना मुश्किल
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के विकास में उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और कांग्रेस सांसद करमवीर सिंह बौद्ध ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और उनके कार्यों की सराहना की। वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर भी सलमान खुर्शीद ने प्रतिक्रिया दी।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के लिए और उनके बाद आने वाले सभी प्रधानमंत्रियों के लिए जो मानदंड और मील के पत्थर स्थापित किए, उन पर कोई दो राय नहीं हो सकती। आज के दौर में किसी भी नेता के लिए उनकी उपलब्धियों से आगे निकलना बेहद मुश्किल होगा।
खुर्शीद ने कहा कि अगर दुनिया के इतिहास पर नजर डालें तो ऐसे बहुत कम प्रधानमंत्री मिलेंगे, जिन्होंने किसी नए राष्ट्र की नींव रखने में इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो। इंदिरा गांधी का नेतृत्व और देश के लिए उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐसे फैसले लिए, जिनका प्रभाव देश की राजनीति और विकास पर लंबे समय तक देखने को मिला।
वहीं, सरदार वल्लभभाई पटेल को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस सरदार पटेल का उतना ही सम्मान करती है, जितना देश के अन्य महान नेताओं का। पार्टी उनके योगदान को पूरी तरह स्वीकार करती है और उनके विचारों, शब्दों तथा कार्यों के प्रति समर्पित है।
खुर्शीद ने सवाल उठाया कि जब सरदार पटेल का योगदान देश के लिए इतना महत्वपूर्ण है, तो उनके नाम पर इस तरह की टिप्पणियां क्यों की जाती हैं? उन्होंने कहा कि ऐसी बयानबाजी से सरदार पटेल की छवि को नुकसान पहुंचता है और उनके प्रति लोगों के सम्मान में कमी आती है। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह की टिप्पणियों के पीछे की मंशा समझ से परे है।
इस अवसर पर कांग्रेस सांसद करमवीर सिंह बौद्ध ने भी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महान शख्सियत थीं। उन्होंने अपने दौर में देश के विकास के लिए ऐसे कई काम किए, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता।
करमवीर सिंह बौद्ध ने कहा कि इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करते हुए उनके विचारों और शिक्षाओं से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने उनके दिखाए रास्ते पर चलने और देशहित में काम करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इंदिरा गांधी का राजनीतिक जीवन, उनका नेतृत्व और देश के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
--आईएएनएस
एसएके/एएस
