Aapka Rajasthan

इंडिगो की दिल्ली-कोलंबो के बीच सीधी उड़ानें 29 मार्च से शुरू, हफ्ते में 6 फ्लाइट्स

नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। भारत की प्रमुख एयरलाइन इंडिगो ने अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को मजबूत करते हुए दिल्ली और श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के बीच नई सीधी उड़ानों की शुरुआत का ऐलान किया है। यह नई सेवा 29 मार्च से शुरू होगी, जिसके तहत एयरलाइन इस रूट पर हर हफ्ते 6 उड़ानें संचालित करेगी।
 
एयरलाइन के मुताबिक, इन उड़ानों के लिए ए320 विमान का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे यात्रियों को आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। यह नई कनेक्टिविटी भारत और श्रीलंका के बीच व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में मदद करेगी।

भारत और श्रीलंका के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्ते लंबे समय से मजबूत रहे हैं। ऐसे में इस नई सेवा से दोनों देशों के बीच लोगों की आवाजाही आसान होगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

इंडिगो पहले से ही भारत के पांच शहरों (मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और अब दिल्ली) से कोलंबो के लिए कुल 55 से अधिक साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगा। इसके अलावा, एयरलाइन चेन्नई और तिरुचिरापल्ली से जाफना के लिए भी हर हफ्ते 10 उड़ानें चला रही है। इससे श्रीलंका में इंडिगो की पकड़ और मजबूत हो रही है।

यात्री इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या अधिकृत ट्रैवल पार्टनर्स के जरिए अपनी यात्रा की योजना बना सकते हैं और टिकट बुक कर सकते हैं। साथ ही, वे पहले से ही अपने खाने-पीने की चीजें बुक कर सकते हैं, जिसमें बेवरेज भी शामिल हैं।

इसके अलावा, यात्री अपनी पसंद के अनुसार 'अपफ्रंट' और 'फ्लेक्सी' जैसे विकल्प चुन सकते हैं, जिनमें बेहतर सीट, मुफ्त स्नैक्स और आसान कैंसिलेशन जैसी सुविधाएं मिलती हैं।

नई उड़ानों का शेड्यूल भी जारी किया गया है। दिल्ली से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट (6ई 1169) सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को शाम 6:40 बजे उड़ान भरेगी और रात 10:20 बजे कोलंबो पहुंचेगी। वहीं, कोलंबो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट (6ई 1170) उन्हीं दिनों रात 11:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 2:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम