भारत बनाम जिम्बाब्वे: दोनों देशों के बीच खेली गई 4 टी20 सीरीज, 3 मुकाबलों में हुआ 'उलटफेर'
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। टी20 फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। दोनों देशों के बीच अब तक कुल 4 टी20 सीरीज खेली गई हैं, जिसमें तीन सीरीज भारत के पक्ष में रहीं, जबकि एक सीरीज ड्रॉ पर खत्म हुई।
दोनों देशों के बीच जून 2010 में पहली बार 2 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली गई थी। पहला मुकाबला 6 विकेट से जीतने के बाद टीम इंडिया ने अगला मैच 7 विकेट से अपने नाम किया था।
इसके बाद, जुलाई 2015 में दोनों देशों ने एक बार फिर 2 टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली, जिसके पहले मैच को 54 रन से जीतकर भारत ने बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन अगले मुकाबले में जिम्बाब्वे ने उलटफेर करते हुए 10 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज को 1-1 से ड्रॉ करवाया।
भारत ने जिम्बाब्वे के विरुद्ध जून 2016 में 3 मुकाबलों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम की। पहला मुकाबला जिम्बाब्वे ने 2 रन के करीबी अंतर से जीता, लेकिन अगला मैच 10 विकेट से जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद सीरीज का अंतिम मैच 3 रन से करीबी अंतर से अपने नाम करते हुए भारत ने सीरीज पर कब्जा किया।
जुलाई 2024 में दोनों देशों के बीच 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली गई, जिसे भारत ने 4-1 से जीता। पहला मैच जिम्बाब्वे ने 13 रन से अपने नाम किया, लेकिन अगले मुकाबले को 100 रन से जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में बराबरी कर ली। शेष तीन मैच भारत ने 23 रन, 10 विकेट और 42 रन से जीते।
इसके अलावा, दो मैच टी20 वर्ल्ड कप के दौरान खेले गए थे। 6 नवंबर 2022 को मेलबर्न में आयोजित मुकाबले को भारत ने 71 रन से जीता। इसके बाद 26 फरवरी 2026 को खेले गए वर्ल्ड कप मैच में भारत ने 72 रन से जीत दर्ज की थी।
कुल मिलाकर, दोनों देशों ने साल 2010 से अब तक कुल 14 टी20 मैच खेले, जिसमें टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहा। भारत ने 11 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि जिम्बाब्वे ने 3 मैच जीते हैं।
--आईएएनएस
आरएसजी
