Aapka Rajasthan

उत्तर प्रदेश की 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा इंडिया गठबंधन: सुरेंद्र राजपूत

लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मिलकर तय करेंगे कि किस पार्टी को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है।
 

लखनऊ, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे का फैसला शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मिलकर तय करेंगे कि किस पार्टी को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि गठबंधन की रणनीति सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने की होगी।

उन्होंने कहा कि उम्मीदवार किसी भी सहयोगी दल के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे, लेकिन गठबंधन के सभी दल उस उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। फिलहाल सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण चुनाव में जीत हासिल करना है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया, गठबंधन के भीतर मजबूत और जिताऊ उम्मीदवारों को लेकर भी आपसी चर्चा होगी। राहुल गांधी, अखिलेश यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे मिलकर उम्मीदवारों के चयन पर फैसला करेंगे और इसके बाद चुनाव चिह्न को लेकर आपसी सहमति बनाई जाएगी।

बहुजन समाज पार्टी पर निशाना साधते हुए सुरेंद्र राजपूत ने पार्टी की मौजूदा स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने मायावती पर पार्टी को ‘म्यूजिकल चेयर’ की राजनीति में बदलने का आरोप लगाया और कहा कि बसपा को अपने संगठन और नेतृत्व से जुड़े मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। बहुजन मिशन अब बसपा से अलग होकर राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा है।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की यात्रा का भी जिक्र किया। सुरेंद्र राजपूत ने दावा किया कि दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक यात्रा कर चंदा और चढ़ावे के हिसाब की मांग कर रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कुंभ मेले में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि यदि करोड़ों श्रद्धालुओं में से प्रत्येक ने औसतन 200 रुपए दान किए हों तो यह राशि हजारों करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है, जबकि बैंक में जमा राशि इससे काफी कम बताई गई है। उन्होंने मांग की कि इस धनराशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। उनके इन आंकड़ों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि इस बयान में नहीं की गई है।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी