इंडिया ब्लॉक में दल मिलते हैं, दिल नहीं : शहजाद पूनावाला
नई दिल्ली, 8 जून (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के दल एक मंच पर तो आ सकते हैं, लेकिन उनके दिल नहीं मिलते। आज इस गठबंधन की स्थिति ऐसी हो चुकी है कि इसका कोई स्पष्ट उद्देश्य नहीं रह गया है।
उन्होंने सोमवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले शुरू हुए पोस्टर वार पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पोस्टर उन लोगों ने लगाया है, जिन्हें कांग्रेस से दगा मिली थी। यह गठबंधन मजबूरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने के मकसद से बनाया गया था। ऐसी स्थिति चुनाव के दौरान भी देखने को मिली थी।
उन्होंने दावा किया कि इंडी गठबंधन में शामिल अन्य दलों के नेता भी कांग्रेस से नाराज हैं। उनके अनुसार, डीएमके ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी करार दिया है। आम आदमी पार्टी की भी ऐसी ही स्थिति है। वहीं, उन्होंने दावा किया कि वाम दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर राहुल गांधी को अपरिपक्व नेता बताया है। साथ ही, जेएमएम राज्यसभा सीट को लेकर कांग्रेस के साथ टकराव की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इससे साफ जाहिर होता है कि ये दल राजनीतिक रूप से साथ दिखाई दे सकते हैं, लेकिन उनके बीच वास्तविक एकता नहीं है।
इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में जिस तरह से गरीबों के लिए काम किया है, उसी के आधार पर उन्होंने 12 वर्ष पूरे किए हैं। यही कारण है कि वह तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू के बाद पहली बार किसी नेता की सरकार लगातार तीसरी बार बनी है।
शहजाद पूनावाला ने कहा कि आगामी 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेताओं की सूची में एक नया मुकाम हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि ओबीसी समुदाय से आने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम किया है। इसी वजह से देश की जनता ने उन्हें प्रधान सेवक के रूप में स्वीकार किया है।
उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक ऐसे नेता को बार-बार नकारा है, जो अधिकतर समय छुट्टी पर रहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार देश को बदनाम करने की कोशिश करते रहे हैं। पूनावाला ने कहा, " यदि राहुल गांधी अब भी सीखने और खुद में सुधार करने की कोशिश नहीं करते हैं, तो वह केवल नेता प्रतिपक्ष के पद तक ही सीमित रहेंगे। आने वाले समय में राहुल गांधी को इससे अधिक कुछ हासिल होने वाला नहीं है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा।"
वहीं, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबंध में दिए गए बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान के 'जादूगर' ने अब अपनी जादूगरी दिखानी शुरू कर दी है। पहले अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच टकराव देखने को मिला था, जो अब अशोक गहलोत बनाम मल्लिकार्जुन खड़गे के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि गहलोत का बयान सीधे तौर पर खड़गे पर हमला है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस का चरित्र ही बिखराव का रहा है। कर्नाटक, केरल और पंजाब में भी पार्टी को आंतरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। अब कांग्रेस के भीतर भी उठापटक का दौर शुरू हो चुका है।
--आईएएनएस
एसएचके/एएस
