भारत तेजी से बन रहा वैश्विक सेमीकंडक्टर हब, वैश्विक कंपनियों का बढ़ा भरोसा: इडस्ट्री लीडर्स
नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित 'सेमीकॉन इंडिया 2026' के दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के अधिकारियों ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण, डिजाइन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे दुनिया की बड़ी कंपनियों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
इस दौरान, एलएंडटी सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) संदीप कुमार ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन स्पष्ट और भविष्य की दिशा बताने वाला था।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर्स, ऊर्जा और तकनीकी विकास को एक व्यापक दृष्टिकोण के साथ जोड़ा, वह उनकी दूरदर्शी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जटिल तकनीकी विषयों को सरल और स्पष्ट तरीके से प्रस्तुत करने की क्षमता रखते हैं और उद्योग जगत को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
वहीं, टेलीडाइन एफएलआईआर के में एशिया-पैसिफिक (एपैक) इंस्ट्रूमेंटेशन डिवीज के सेल्स वाइस प्रेसिडेंट टी.पी. सिंह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि सेमीकॉन इंडिया एक बेहद प्रभावशाली और वैश्विक स्तर का मंच बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी पहली बार इस आयोजन में भाग ले रही है और उनका अनुभव काफी सकारात्मक रहा है।
उन्होंने आईएएनएस से कहा, "आज सेमीकंडक्टर पूरी दुनिया में चर्चा का विषय है और यह देखकर खुशी होती है कि भारत इस क्षेत्र में अग्रिम पंक्ति में खड़ा दिखाई दे रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि आयोजन स्थल पर दुनिया की बड़ी सेमीकंडक्टर और तकनीकी कंपनियों की मजबूत मौजूदगी इस बात का संकेत है कि भारत वैश्विक उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।
इस बीच, इन्फोसिस के वीपी और डिलीवरी हेड येग्नास्वामी येग्ना नारायणन ने आईएएनएस से कहा कि यह उनका दूसरा सेमीकॉन इंडिया सम्मेलन है और पिछले आयोजन की तुलना में इस बार काफी बड़ा बदलाव दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का सेमीकंडक्टर मिशन तेज गति से आगे बढ़ रहा है और इस क्षेत्र में हो रही प्रगति स्पष्ट रूप से नजर आती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सेमीकंडक्टर मूल्य शृंखला के विभिन्न पहलुओं, डिजाइन से लेकर टेप-आउट और अगली पीढ़ी की तकनीकों तक, जिस गहराई से चर्चा की, वह बेहद प्रेरणादायक थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि भारत केवल वर्तमान अवसरों पर नहीं, बल्कि भविष्य की तकनीकी जरूरतों और नवाचारों पर भी समान रूप से ध्यान दे रहा है।
इसके अलावा, पार्क सिस्टम्स इंडिया के सेल्स डायरेक्टर श्रीनिवासन रविप्रसाद ने आईएएनएस से कहा कि पिछले 5 वर्षों में भारत का सेमीकंडक्टर उद्योग तेजी से विकसित हुआ है। उन्होंने बताया कि वह 2023 से सेमीकॉन इंडिया में भाग ले रहे हैं और हर वर्ष भागीदारी तथा उद्योग की रुचि में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में नई कंपनियां इस मंच से जुड़ रही हैं और भारतीय सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह भारत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, क्योंकि देश वैश्विक आपूर्ति शृंखला में अपनी भूमिका को मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
--आईएएनएस
डीबीपी
