Aapka Rajasthan

इंडिया ब्लॉक के दल संतरे की तरह एक जैसे दिखते हैं, पर अंदर से सब अलग हैं : रामकृपाल यादव

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस द्वारा एमएलसी चुनाव में राजद के खिलाफ उम्मीदवार उतारने पर मंत्री रामकृपाल यादव ने इंडिया ब्लॉक पर हमला बोला।
 

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने शनिवार को कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस द्वारा एमएलसी चुनाव में राजद के खिलाफ उम्मीदवार उतारने पर मंत्री रामकृपाल यादव ने इंडिया ब्लॉक पर हमला बोला।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, "स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से विधान परिषद के चुनाव हो रहे हैं। मेरा मानना है कि ये तथाकथित इंडिया ब्लॉक फेल साबित हुआ है। अब राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस पार्टी और अन्य दलों में कोई तालमेल नहीं है। कांग्रेस पार्टी ने भी पांच उम्मीदवार उतारे हैं, कहां है तालमेल?"

उन्होंने कहा, "ये एक साथ रह ही नहीं सकते। विचारों का मेल नहीं है। सिर्फ दिखावट करने के लिए इंडिया ब्लॉक है। ये संतरे की तरह है। बाहर से देखने में एक जैसे दिखते हैं, अंदर से अलग-अलग हैं। ये कभी एक साथ नहीं रह सकते।"

गुजरात में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) बिल को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर मंत्री रामकृपाल यादव ने इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा, "हम माननीय राष्ट्रपति द्वारा यूसीसी को मंजूरी देने का स्वागत करते हैं। गुजरात में भी यूसीसी लागू हो रहा है, जो इसे लागू करने वाला दूसरा राज्य बन जाएगा।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरा मानना है कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं, जैसा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा है, हमारी सरकार यूसीसी को लागू करने के प्रयास करेगी।"

कैप्टन स्मित मच्छार को लेकर बिहार सरकार के मंत्री ने कहा, "कैप्टन स्मित ने देश का नाम बहुत रोशन किया है और भारतीय होने की भावना दिखाई है कि हम दूसरों की रक्षा करते हैं। हम दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, यह भावना भारतीयों के खून में है। प्रधानमंत्री मोदी देश के हर बहादुर बेटे की सराहना करते हैं।"

उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से बात करके पूरे हिंदुस्तान के उन जवानों को संदेश दिया है जो विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। देश की रक्षा कर रहे हैं, चाहे वह किसी भी फील्ड में हो। देश की शान बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं दी हैं।"

एशियन गेम्स 2026 में भारत-पाकिस्तान के बीच हो रहे मुकाबले पर रामकृपाल यादव ने कहा, "सबसे पहले मैं एशियन गेम्स में अच्छे प्रदर्शन और कई पदक जीतने के लिए भारतीय खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं देना चाहता हूं, खासकर महिला खिलाड़ियों को। देश की बेटियों ने हमें गौरवान्वित किया है और स्वर्ण पदक जीते हैं। मैं उन सभी को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।"

भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर उन्होंने कहा, "जहां तक एशियन गेम्स में भारत और पाकिस्तान के बीच हो रहे क्रिकेट मैच की बात है, मुझे पूरा विश्वास है कि भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए पाकिस्तान हारेगा और भारत जीतेगा।"

--आईएएनएस

वीकेयू/एएस