यूपी में सीट शेयरिंग पर होगी सकारात्मक बातचीत, लक्ष्य भाजपा को सत्ता से बाहर करना : उज्ज्वल रमण सिंह
लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला अभी नहीं निकला है। इस बीच, राजस्थान में हुए पंचायत चुनाव में कांग्रेस की शानदार जीत पर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह का मानना है कि इस जीत का असर आगामी यूपी चुनाव में भी देखने को मिलेगा। हम एक लक्ष्य के तहत भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देंगे।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस सांसद ने कहा, "मैं राजस्थान की जनता का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पंचायत चुनाव में वहां के नतीजे बहुत उत्साहवर्धक आए हैं। इससे जनता का रुझान पता चलता है और कहीं न कहीं इसका प्रभाव उत्तर प्रदेश के चुनावों में भी पड़ेगा। मेरा मानना है कि इंडिया गठबंधन को उत्तर प्रदेश में अच्छे नतीजे मिलेंगे, क्योंकि इससे देश की जनता का मूड पता चलता है। आने वाले दिनों में बातचीत शुरू होगी। देखते हैं कि चर्चा कैसे और कहां तक पहुंचती है। बहुत अच्छी चर्चाएँ होंगी। हमारा लक्ष्य यही है कि उत्तर प्रदेश के लोगों को भारतीय जनता पार्टी की सरकार से निजात मिले। हम इसी लक्ष्य को सामने रखकर आगे बढ़ रहे हैं।
यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि कम और ज्यादा की बात नहीं है। चर्चा होगी, सकारात्मक बातचीत होगी और दोनों दलों के शीर्ष नेता ही यह तय करेंगे। हमारा मानना है कि हम अपने लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हम लोग इस विषय को लेकर आगे बढ़ रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं। बदलाव सकारात्मकता का हो, उत्तर प्रदेश की बेहतरी और विकास के लिए हो।
उज्ज्वल रमण सिंह का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी पूरे समाज में सांप्रदायिकता का जहर घोलकर चुनाव जीतने का प्रयास करती है। कहीं न कहीं अंपायर को अपनी तरफ मिलाकर वोट कटवाने की कोशिश की जाती है। इस मामले पर हम सभी धर्मनिरपेक्ष दल और इस सोच के विरोध में खड़ी सभी ताकतें एकजुट होकर आने वाले दिनों में एकमत हों, ताकि उत्तर प्रदेश के लिए एक अच्छा संदेश जाए। इसी विषय को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं।
राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि हम तो उत्तर प्रदेश के लोगों के जनादेश को देखते हैं। उत्तर प्रदेश के लोगों की मनोभावना क्या है, उनकी पीड़ा क्या है। उत्तर प्रदेश के लोगों की पीड़ा है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार से निजात मिले। इसी लक्ष्य को लेकर हमारे नेता राहुल गांधी संविधान बचाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। 2024 से लेकर आज तक और अब 2026 में होने वाले चुनावों से लेकर 2027 तक हम लगातार संघर्ष कर रहे हैं। चाहे वह सड़क हो या संसद, हर जगह हमारी लड़ाई जारी है। इस लड़ाई में सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतें भी हमारे साथ हैं। सभी लोग मिलकर संविधान बचाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी
