इंडी गठबंधन का चैप्टर क्लोज, सपा-कांग्रेस जनता पर बोझ: पंकज चौधरी
लखनऊ, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इंडी गठबंधन का चैप्टर क्लोज हो चुका है और सपा-कांग्रेस जनता पर बोझ बन गई हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल दलों के पास न तो प्रदेश के विकास को लेकर कोई स्पष्ट दृष्टि है और न ही जनता के हितों से जुड़ा कोई साझा एजेंडा। विपक्षी दलों की राजनीति सत्ता में हिस्सेदारी, परिवारवाद और निजी स्वार्थों तक सिमटकर रह गई है।
पंकज चौधरी ने कहा कि सपा और कांग्रेस की राजनीति में जनहित की जगह लूट, विकास की जगह बंटवारे और जनसेवा की जगह परिवारवाद हावी है। गठबंधन के घटक दलों को जनता के हितों से ज्यादा राजनीतिक हिस्सेदारी की चिंता है। सरकार बनाने की रणनीति तैयार करने के बजाय वे अपने-अपने परिवार और निजी हितों को सुरक्षित रखने में जुटे हैं। एडजस्टमेंट और एकोमोडेशन के नाम पर केवल राजनीतिक सेटलमेंट की कोशिशें हो रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंडी गठबंधन में शामिल दलों के बीच आपसी विश्वास और समन्वय का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। जो दल चुनाव से पहले ही सीटों, नेतृत्व और हिस्सेदारी को लेकर एकमत नहीं हो पा रहे हैं, वे चुनाव के बाद क्या करेंगे? ऐसे दल जनता के सामने साझा विकास का रोडमैप कैसे रखेंगे?
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, व्यापारी और ईमानदार अधिकारी-कर्मचारी विपक्षी दलों के राजनीतिक एजेंडे में कहीं नजर नहीं आते। इन वर्गों के नाम पर केवल चुनावी लॉलीपॉप देने की राजनीति की जा रही है।
पंकज चौधरी ने सपा और कांग्रेस से सवाल किया कि उनका गठबंधन जनता के भविष्य के लिए है या फिर परिवारों और निजी स्वार्थों की पूर्ति के लिए? उन्होंने कहा कि जनता केवल नारों पर नहीं, बल्कि काम और जवाबदेही पर भरोसा करती है। भाजपा की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्षी दल सत्ता की हिस्सेदारी और आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं।
उन्होंने विपक्षी नेताओं से अपने पिछले शासनकाल का हिसाब देने और यह बताने को कहा कि उनके पास विकास, रोजगार और जनकल्याण को लेकर क्या ठोस एजेंडा है।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी
