Aapka Rajasthan

इमरान मसूद ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा, यूपी चुनाव में सीट शेयरिंग पर भी रखी राय

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की यात्रियों की जान बचाने की कोशिश की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी देश या राजनीति से ज्यादा इंसानियत से जुड़ा है। इसके अलावा उन्होंने एनआरसी, एसआईआर, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की प्रस्तावित कार्रवाई, राहुल गांधी को लेकर ममता बनर्जी की टिप्पणी, बाबा रामदेव के हालिया बयान और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सीट शेयरिंग की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी।
 

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की यात्रियों की जान बचाने की कोशिश की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मामला किसी देश या राजनीति से ज्यादा इंसानियत से जुड़ा है। इसके अलावा उन्होंने एनआरसी, एसआईआर, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की प्रस्तावित कार्रवाई, राहुल गांधी को लेकर ममता बनर्जी की टिप्पणी, बाबा रामदेव के हालिया बयान और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सीट शेयरिंग की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी।

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर इमरान मसूद ने कहा कि जो भी इंसानियत को बचाने का काम करता है, उसकी बहादुरी को सलाम किया जाना चाहिए। जानकारी के अनुसार, विमान को संभालने के दौरान पायलट को चोट भी लगी, इसके बावजूद उन्होंने यात्रियों की जान बचाने की कोशिश की। मसूद ने इसे गर्व की बात बताते हुए कहा कि ऐसी बहादुरी की सराहना होनी चाहिए।

जब उनसे इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पायलट को 'हीरो' बताए जाने पर सवाल किया गया, तो मसूद ने कहा कि वह इस मामले को इंसानियत के नजरिए से देखते हैं। किसी भी जगह निर्दोष लोगों का क्या दोष है और मानव जीवन की रक्षा सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा है।

आरएसएस के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की उस टिप्पणी पर कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि कौन भारतीय नागरिक है और कौन नहीं, इसलिए एनआरसी लागू होना चाहिए, इमरान मसूद ने सवाल उठाया कि नागरिकता का प्रमाणपत्र कौन जारी करेगा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि क्या आरएसएस ऐसे प्रमाणपत्र बांटेगा? अगर ऐसा करना है तो आरएसएस कार्यालय में ही एक कार्यालय खोल दिया जाए और वहीं से प्रमाणपत्र जारी किए जाएं।

एसआईआर को लेकर इंडिया ब्लॉक की बैठक और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की प्रस्तावित कार्रवाई पर मसूद ने कहा कि विपक्ष सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जिस अभियान की शुरुआत की है, उसे आगे बढ़ाया जाएगा और अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोगों के बीच यह मुद्दा उठाया जाएगा।

जब उनसे भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान के उस आरोप पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि कांग्रेस विदेशी शक्तियों के जरिए भारत के लोकतंत्र में हस्तक्षेप कर रही है, तो मसूद ने पलटवार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं तो सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा जरूरी है।

लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के संभावित प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर ममता बनर्जी की चुप्पी पर इमरान मसूद ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व को लेकर विपक्षी दलों में बेचैनी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के सामने कई लोग परेशान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई ममता बनर्जी से नहीं है। असली राजनीतिक लड़ाई अलग मुद्दों और राजनीतिक ताकतों के बीच है।

बाबा रामदेव के इस बयान पर कि भारत के सभी मुसलमान धर्मांतरित हैं और उनके पूर्वज राम-कृष्ण थे, इमरान मसूद ने कहा कि इस तरह की बातें बहुत दूर तक जाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सवाल मौजूदा मुद्दों के लिहाज से प्रासंगिक नहीं हैं और इनका कोई खास अर्थ नहीं है।

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन और कांग्रेस की करीब 150 सीटों की मांग को लेकर पूछे गए सवाल पर इमरान मसूद ने कहा कि उनकी राय वही है जो पार्टी और प्रदेश प्रभारी की है। उन्होंने कहा कि वह अपनी पार्टी के निर्णय के साथ हैं और प्रभारी जो कहेंगे, उसे स्वीकार करेंगे। मसूद ने स्पष्ट किया कि वह सीटों की संख्या को लेकर व्यक्तिगत तौर पर कोई अलग राय नहीं रखेंगे। वह कांग्रेस के साथ हैं और पार्टी नेतृत्व के फैसले के अनुसार ही आगे बढ़ेंगे।

--आईएएनएस

पीएसके