Aapka Rajasthan

'ससुर जी' के लिए इलियाना डिक्रूजा बनीं शेफ, बर्थडे पर अपने हाथों से बनाया खास केक

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री इलियाना डिक्रूजा इन दिनों सिनेमा की चकाचौंध से दूर अपनी निजी जिंदगी का खुलकर आनंद ले रही हैं। मंगलवार को अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने किसी खास व्यक्ति के जन्मदिन के अवसर पर अपने हाथों से केक बनाया है।
 
'ससुर जी' के लिए इलियाना डिक्रूजा बनीं शेफ, बर्थडे पर अपने हाथों से बनाया खास केक

मुंबई, 2 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री इलियाना डिक्रूजा इन दिनों सिनेमा की चकाचौंध से दूर अपनी निजी जिंदगी का खुलकर आनंद ले रही हैं। मंगलवार को अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने किसी खास व्यक्ति के जन्मदिन के अवसर पर अपने हाथों से केक बनाया है।

अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें उनके ससुर एक मेज के सामने मुस्कुराते हुए बैठे नजर आ रहे हैं। उनके सामने एक केक रखा हुआ है। खास बात यह है कि यह केक इलियाना ने बाजार से मंगवाने के बजाय खुद अपने हाथों से तैयार किया है।

अपने ससुर के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, "अपने सबसे अच्छे ससुर जी के जन्मदिन को खास बनाने के लिए उनके लिए प्यार से केक बनाया।"

बीते कुछ समय से इलियाना डिक्रूजा ने फिल्मों से दूरी बना रखी है। वह इन दिनों अपना पूरा ध्यान परिवार और बच्चों की परवरिश पर दे रही हैं। हालांकि, फिल्मों से दूर रहने के बावजूद वह सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों के साथ लगातार जुड़ी रहती हैं।

इलियाना डिक्रूजा ने अमेरिकी व्यवसायी माइकल डोलन से गुपचुप तरीके से शादी की थी। उनकी शादी के पंजीकरण संबंधी विवरणों के अनुसार, दोनों ने 13 मई 2023 को विवाह किया था। शादी के बाद अगस्त 2023 में इस दंपति ने अपने पहले बेटे कोआ फीनिक्स डोलन का स्वागत किया। इसके बाद जून 2025 में इलियाना दूसरी बार मां बनीं और उन्होंने अपने दूसरे बेटे कीनू को जन्म दिया।

वर्ष 2006 में तेलुगु फिल्म 'देवदासु' से अभिनय करियर की शुरुआत करने वाली इलियाना ने दक्षिण भारतीय सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने 'पोक्किरी', 'जलसा' और 'किक' जैसी कई सफल तेलुगु फिल्मों में काम किया और टॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्रियों में अपनी जगह बनाई।

इलियाना ने वर्ष 2012 में निर्देशक अनुराग बसु की फिल्म 'बर्फी' से बॉलीवुड में कदम रखा। इस फिल्म में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली और उन्हें 'फिल्मफेयर बेस्ट फीमेल डेब्यू' का पुरस्कार भी मिला।

--आईएएनएस

एनएस/एएस