Aapka Rajasthan

आईआईटी हो या आईटीआई, युवा ही भारत की असली ताकत और भविष्य : प्रधानमंत्री मोदी

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाई देने में युवाओं के कौशल और हुनर की निर्णायक भूमिका होगी। देश का भविष्य केवल बड़ी डिग्रियों से नहीं, बल्कि उन हाथों से भी तैयार होगा, जिनके पास किसी काम को बेहतर ढंग से करने की दक्षता है। आईआईटी और आईटीआई में पढ़ने वाले युवा समान रूप से राष्ट्र की पूंजी हैं। उनके हुनर में ही विकसित भारत की ऊर्जा और सामर्थ्य छिपा है।
 

लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को नई ऊंचाई देने में युवाओं के कौशल और हुनर की निर्णायक भूमिका होगी। देश का भविष्य केवल बड़ी डिग्रियों से नहीं, बल्कि उन हाथों से भी तैयार होगा, जिनके पास किसी काम को बेहतर ढंग से करने की दक्षता है। आईआईटी और आईटीआई में पढ़ने वाले युवा समान रूप से राष्ट्र की पूंजी हैं। उनके हुनर में ही विकसित भारत की ऊर्जा और सामर्थ्य छिपा है।

प्रधानमंत्री शनिवार को लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने देशभर से आए कौशल प्रशिक्षण के मेधावी प्रतिभागियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में 52 उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि शनिवार को उनका दिन दो अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों के युवाओं के बीच बीता। दिल्ली से निकलकर वह पहले पश्चिम बंगाल पहुंचे, जहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद लखनऊ में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के प्रशिक्षुओं के बीच आने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि दोनों जगह युवाओं में एक जैसी ऊर्जा, सपने और भविष्य को लेकर आकांक्षाएं देखने को मिलीं। आईआईटी हो या आईटीआई, उनके लिए सभी युवा देश की अमानत और आने वाले भारत की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते उनके लिए यह विशेष प्रसन्नता का अवसर है कि उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों से आए युवाओं का लखनऊ में स्वागत करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण हासिल कर रहे युवा अब राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से सीधे जुड़ने जा रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान सीखा गया हुनर विकसित भारत के निर्माण में बड़ी पूंजी साबित होगा। भारतीय समाज की पारंपरिक कौशल व्यवस्था का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में हुनर और कारीगरी की समृद्ध परंपरा रही है। यहां गांवों की बसावट और सामाजिक जीवन में अलग-अलग व्यवसायों तथा कौशल से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी।

उन्होंने गुजरात की अपनी पुरानी स्मृतियों का जिक्र करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने यह समझने का प्रयास किया था कि आम जीवन को सुचारु रूप से चलाने के लिए कितने तरह के हुनर की आवश्यकता पड़ती है। मोदी ने बताया कि इस विषय पर उन्होंने अधिकारियों से एक विस्तृत अध्ययन करने को कहा था। शुरुआत में कुछ दर्जन कामों की सूची तैयार हुई, लेकिन जब जन्म से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक व्यक्ति की जरूरतों का आकलन किया गया तो करीब एक हजार अलग-अलग कार्यों की पहचान सामने आई। इससे पता चलता है कि समाज की गतिशीलता में कौशल आधारित कामों का कितना बड़ा योगदान है।

उन्होंने भारत की पारंपरिक कारीगरी का उदाहरण देते हुए कहा कि बनारस और कांजीवरम का रेशम, सूती वस्त्र, कलमकारी, धातु से बनी वस्तुएं, कांस्य कला और मूर्तिकला जैसी विधाओं ने भारतीय हुनर को वैश्विक पहचान दिलाई है। लखनऊ की चिकनकारी भी इसी समृद्ध विरासत का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में पीढ़ियों से कौशल का हस्तांतरण होता रहा है और यही परंपरा भारत की आर्थिक तथा सामाजिक शक्ति का आधार रही है। प्रधानमंत्री ने चिंता जताई कि समय के साथ कौशल आधारित कार्यों को मिलने वाला सामाजिक सम्मान कम होता गया। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं और बाद में अंग्रेजी शासन के दौरान भारत की पारंपरिक कारीगरी तथा हुनर आधारित व्यवस्था को गहरा नुकसान पहुंचा। अंग्रेजों के शासन में कागजी शिक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक महत्व मिलने लगा, जबकि हाथों के हुनर और व्यावहारिक दक्षता को अपेक्षित प्रतिष्ठा नहीं मिली। इसका असर समाज की सोच पर भी पड़ा।

उन्होंने कहा कि आज भी कई परिवारों में आईटीआई जैसे संस्थानों में पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा को लेकर वह सम्मान नहीं दिखता, जो पारंपरिक डिग्री हासिल करने वालों को मिलता है। इस मानसिकता को बदलना जरूरी है। कौशल का सम्मान करना भारत की विरासत रही है और अब इसे फिर से सामाजिक प्रतिष्ठा के केंद्र में लाना होगा।

प्रधानमंत्री ने कौशल विकास के क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जिस देश के युवा जितने अधिक दक्ष होंगे, उसकी प्रगति की गति भी उतनी ही तेज होगी।

--आईएएनएस

विकेटी/एमएस