आईआईटी दिल्ली में एआई रिसर्च और छात्रों की प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए नई पहल
नई दिल्ली, 6 नवंबर (आईएएनएस)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में शोध और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी दिल्ली ने वॉलमार्ट ग्लोबल टेक के साथ चार साल की साझेदारी की है। आईआईटी दिल्ली का कहना है कि इस पहल पर करीब 9 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके तहत एआई, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस के क्षेत्र में शोध को बढ़ावा देने के साथ छात्रों को फेलोशिप दी जाएगी।
वहीं, शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर एआई की शिक्षा को आईआईटी दिल्ली से बाहर दूसरे संस्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यह साझेदारी आईआईटी दिल्ली के यार्डी स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने की है। कुल 9 करोड़ रुपए की इस चार साल की पहल में चालू वित्त वर्ष के लिए करीब 2.3 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य एआई के क्षेत्र में उच्च स्तरीय शोध को बढ़ावा देना और इस क्षेत्र के लिए कुशल प्रतिभाएं तैयार करना है।
इसके तहत ऐसे विषयों पर शोध किया जाएगा, जिनका उपयोग उद्योगों के साथ-साथ समाज की जरूरतों को पूरा करने में भी हो सके। शोध करने वाले विद्यार्थियों को विशेष फेलोशिप दी जाएगी, ताकि वे अपने काम को आगे बढ़ा सकें। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली के शिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों को एआई से जुड़े विषयों का प्रशिक्षण देने पर भी ध्यान दिया जाएगा। इससे एआई की पढ़ाई और इससे जुड़ी तकनीकी जानकारी को आईआईटी दिल्ली परिसर से बाहर भी पहुंचाने में मदद मिलेगी।
इस पहल में उद्योगों में काम करने वाले पेशेवरों और उन समुदायों के लोगों के लिए भी सीखने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिन्हें तकनीकी शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पाते। आईआईटी दिल्ली के डीन प्रो. जयंत जैन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तेजी से शोध, उद्योग और समाज को बदल रहा है। उद्योगों के साथ साझेदारी से उन्नत शोध, नए प्रयोग और तकनीक पर आधारित उद्यमों को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।
उन्होंने टइस सहयोग से सार्थक और लंबे समय तक प्रभाव डालने वाले परिणाम मिलने की उम्मीद जताई। आईआईटी दिल्ली अगले चार वर्षों तक इस पहल को लागू करने और उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा करने की जिम्मेदारी संभालेगा। संस्थान को उम्मीद है कि फेलोशिप, शिक्षक प्रशिक्षण और शोध सुविधाओं के विकास से एआई के क्षेत्र में शोधकर्ताओं और शिक्षकों की नई पीढ़ी तैयार होगी।
आईआईटी दिल्ली में यार्डी स्कूल ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की स्थापना वर्ष 2020 में हुई थी। यहां अलग-अलग विषयों के विशेषज्ञ शिक्षक मिलकर एआई और इसके उपयोग से जुड़े क्षेत्रों में शोध करते हैं। इनमें स्वास्थ्य सेवाएं, रोबोटिक्स, पदार्थ विज्ञान, आधुनिक उद्योग, जलवायु और परिवहन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
--आईएएनएस
जीसीबी/डीकेपी
