Aapka Rajasthan

हाइड्रोजन ईंधन सेल से संचालित होंगे वायुसेना के रडार, 'वायु रक्षा 2040' संगोष्ठी में उभरती तकनीकों पर मंथन

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के रडार अब हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक से भी बिजली पा सकेंगे। वायुसेना ने राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और एनटीपीसी के सहयोग से इस तकनीक का सफल प्रदर्शन किया है। यह पहल चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में रडार के निर्बाध संचालन और ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
 

नई दिल्ली, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के रडार अब हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक से भी बिजली पा सकेंगे। वायुसेना ने राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और एनटीपीसी के सहयोग से इस तकनीक का सफल प्रदर्शन किया है। यह पहल चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में रडार के निर्बाध संचालन और ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यह उपलब्धि ऐसे समय सामने आई है, जब भारतीय वायुसेना के 13 बेस रिपेयर डिपो ने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे किए हैं। इस अवसर पर नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में 'वायु रक्षा 2040 : सेंसर, नेटवर्क और आत्मनिर्भर रखरखाव' विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता वायुसेना की अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश ने की।

संगोष्ठी में वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), शिक्षाविदों और रक्षा उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। वर्ष 1976 में स्थापित 13 बेस रिपेयर डिपो पिछले पांच दशकों से वायुसेना की तकनीकी ताकत को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह डिपो रडार और संचार से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों की मरम्मत, ओवरहॉल और उनके पूरे जीवनकाल तक रखरखाव की जिम्मेदारी संभालता है।

इसकी शुरुआत रडार एवं संचार परियोजना कार्यालय के रूप में हुई थी, तब से इसने वायुसेना की महत्वपूर्ण वायु रक्षा प्रणालियों को लगातार परिचालन के लिए तैयार रखने में अहम योगदान दिया है। स्वर्ण जयंती समारोह में डिपो के एयर ऑफिसर कमांडिंग ने इसकी पांच दशक की उपलब्धियों और यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने डिपो के पूर्व सैनिकों और कर्मचारियों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भविष्य की वायु रक्षा जरूरतों को पूरा करने के लिए देश में ही इंजीनियरिंग और औद्योगिक क्षमताओं को मजबूत करना जरूरी है।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए एयर मार्शल यल्ला उमेश ने कहा कि किसी भी वायु रक्षा प्रणाली की असली ताकत केवल उसकी आधुनिक तकनीक में नहीं, बल्कि जरूरत के समय उसकी उपलब्धता और विश्वसनीयता में होती है। उन्होंने जोर दिया कि किसी रक्षा उपकरण को सेना में शामिल करने के साथ ही उसके रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए। अत्याधुनिक प्रणालियों की खराबी का पता लगाने, उनकी मरम्मत करने और उन्हें दोबारा परिचालन के लिए तैयार करने की क्षमता देश के भीतर विकसित करना ही आत्मनिर्भर रखरखाव का वास्तविक अर्थ है।

उन्होंने रक्षा उद्योग से जुड़े भागीदारों से ऐसे उपकरण विकसित करने का आह्वान किया, जिनकी जांच, मरम्मत और पूरे जीवनकाल तक रखरखाव की सुविधाएं भारत में ही उपलब्ध हों। इससे विदेशी सहायता पर निर्भरता कम होगी और वायुसेना की महत्वपूर्ण प्रणालियों को जरूरत पड़ने पर तेजी से दोबारा काम करने लायक बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम में भविष्य की वायु रक्षा से जुड़ी कई उभरती तकनीकों पर भी चर्चा हुई।

विशेषज्ञों ने क्वांटम सेंसिंग, उपकरणों के जीवनकाल के प्रबंधन, आधुनिक वायु रक्षा रडार के उन्नयन और नेटवर्क आधारित वायु रक्षा प्रणाली जैसे विषयों पर विचार साझा किए। इन तकनीकों के जरिए भविष्य में वायु रक्षा प्रणालियों की क्षमता, सटीकता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। इस संगोष्ठी का एक महत्वपूर्ण आकर्षण रडार संचालन में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल का सफल प्रदर्शन रहा।

हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक के जरिए भारतीय वायुसेना के रडार को बिजली देने की संभावनाएं प्रदर्शित की गईं। राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और एनटीपीसी के सहयोग से की गई यह पहल रक्षा क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के साथ ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता की नई संभावनाएं खोलती है, खासकर चुनौतीपूर्ण परिचालन क्षेत्रों में, जहां ऊर्जा की निरंतर उपलब्धता जरूरी होती है, यह तकनीक रडार के संचालन को अधिक टिकाऊ और भरोसेमंद बनाने में मदद कर सकती है।

13 बेस रिपेयर डिपो की स्वर्ण जयंती पर आयोजित इस संगोष्ठी ने भविष्य की वायु रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। आधुनिक रडार, सेंसर और नेटवर्क जितने जरूरी हैं, उतनी ही जरूरी उन्हें देश में ही दुरुस्त रखने, उनकी कार्यक्षमता बनाए रखने और ऊर्जा की जरूरत पूरी करने की क्षमता भी है।

--आईएएनएस

जीसीबी/वीसी