हैदराबाद में 'इंदिरम्मा घरों' के लिए ई-लॉटरी, 4 निर्वाचन क्षेत्रों के लाभार्थियों का हुआ चयन
हैदराबाद, 3 नवंबर (आईएएनएस)। हैदराबाद के प्रभारी मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने नामपल्ली स्थित गृहकल्प कार्यालय में 4 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 'इंदिरम्मा घरों' के आवंटन के लिए ई-लॉटरी की शुरुआत की। स्रोत आईएंडपीआर के अनुसार हैदराबाद कोर क्षेत्र के अंतर्गत गोशामहल, चंद्रयानगुट्टा, एलबी नगर और मुशीराबाद निर्वाचन क्षेत्रों के लाभार्थियों का चयन इस लॉटरी के माध्यम से किया गया।
इस कार्यक्रम में विधायक राजा सिंह, हाउसिंग एमडी गौतम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने ई-लकी ड्रॉ के जरिए चुने गए लाभार्थियों के नाम पढ़े, जिनमें कोमल (महिला), बछला चैतन्य, मधुगुला ममता, ग्यादारी नंदिनी, चिन्नापागा वीरमणि और अमारा कीर्ति शामिल हैं। मंत्री ने लकी ड्रॉ के जरिए 'इंदिरम्मा घर' पाने वाले सभी लोगों को बधाई दी।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि 'प्रजा सरकार' यानी जनता की सरकार में प्रति निर्वाचन क्षेत्र 5500 'इंदिरम्मा घर' दिए गए हैं। पहले चरण में 3500 घर और दूसरे चरण में 2000 घरों को मंजूरी दी गई है। पहले चरण के अधिकांश घर पूरे हो चुके हैं और लाभार्थियों को किश्तों में धनराशि दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पहले ऐसी स्थिति होती थी कि रोजगार एक जगह होता था और घर दूसरी जगह। ऐसे में वहां बने घरों में रहना संभव नहीं हो पाता था। इस समस्या से बचने के लिए सरकार ने तय किया है कि जहां रोजगार हो, घर भी वहीं होना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ कि कहीं भी झुग्गियां न रहें, यह निर्णय लिया गया कि ये घर सभी को दिए जाएं, चाहे वे किसी भी पार्टी, जाति या धर्म के हों।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह योजना उन लोगों के लिए है जिन्होंने घर बनाना शुरू तो किया था, लेकिन बीच में ही काम रोक दिया और उन गरीब लोगों के लिए भी है जिनके पास अभी तक अपना घर नहीं है। शहरी क्षेत्रों में जमीन की उपलब्धता की समस्या और निर्माण लागत में अंतर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निर्णय लिया है कि जिन लोगों के पास अपने निर्वाचन क्षेत्र में जमीन है, उन्हें वहीं 'इंदिरम्मा घर' बनाने की मंजूरी दी जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी पात्र गरीब लोगों को 'इंदिरम्मा घर' देने के लिए तैयार है, खासकर उन लोगों को जिनके पास अपनी जमीन है। हैदराबाद में जमीन की कमी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने बहुत कीमती जमीन उपलब्ध कराई है, जहां अत्याधुनिक घर बनाए जा रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया के बाद 16 निर्वाचन क्षेत्रों में 'इंदिरम्मा घरों' के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। फिलहाल 4 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए ड्रॉ निकाला गया है और जल्द ही घरों के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि 'इंदिरम्मा घरों' के लिए आरटीसी की कीमती जमीनें भी आवंटित की गई हैं और सरकार सरकारी जमीनों को एक जगह पूल कर रही है। इसके साथ ही सरकार उन पात्र लोगों को राशन कार्ड देगी जिनके पास अभी नहीं है। 'आरोग्य श्री' योजना के तहत कवरेज बढ़ाकर 5 से 10 लाख रुपए कर दी गई है और 10 लाख रुपए तक के ब्याज-मुक्त लोन भी दिए जा रहे हैं।
उन्होंने हैदराबाद में महिला समूहों की सदस्यता बढ़ाने पर भी जोर दिया और कहा कि 'एल1' श्रेणी के तहत जल्द ही उन लोगों के लिए भी घरों को मंजूरी दी जाएगी जिनके पास अपनी जमीन है, ऐसे लोगों की संख्या करीब 2 हजार है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी
