Aapka Rajasthan

हैदराबाद एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने दुबई जा रहे यात्री से 9.62 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद की

हैदराबाद, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की टीम ने राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई जा रहे एक यात्री को पकड़ा, जिसके पास से 9.62 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। मामले में आगे की जांच के लिए सीआईएसएफ ने यात्री को विदेशी मुद्रा समेत कस्टम अधिकारियों को सौंप दिया है।
 
सीआईएसएफ ने गुरुवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर बताया, "22 अप्रैल 2026 को संदिग्ध व्यवहार और प्रोफाइलिंग के आधार पर हैदराबाद एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की सीआईडब्ल्यू टीम ने हैदराबाद से दुबई जाने वाले एक यात्री को रोका। यात्री को एक्स-बीआईएस स्क्रीनिंग पॉइंट पर ले जाया गया, जहां सामान की स्क्रीनिंग के दौरान कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। विस्तृत जांच करने पर यात्री के हैंड बैगेज से लगभग 9.62 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा (यूएसडी, यूएई दिरहम और सऊदी रियाल) बरामद हुई। यात्री और जब्त की गई मुद्रा को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क अधिकारियों को सौंप दिया गया है।"

गौरतलब है कि इससे पहले 16 अप्रैल 2026 को भी हैदराबाद एयरपोर्ट पर इसी तरह का मामला सामने आया था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की सीआईडब्ल्यू टीम ने प्रोफाइलिंग और संदिग्ध व्यवहार के आधार पर हांगकांग जा रहे एक यात्री को रोका। यह कार्रवाई राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर डिपार्चर गेट के पास की गई।

जब यात्री के बैग की स्कैनिंग की गई, तो उसमें कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। इसके बाद सीआईएसएफ कर्मियों ने बैग की गहन जांच की। जांच में पता चला कि हैंड बैगेज के अंदर विदेशी मुद्रा छिपाकर रखी गई थी। फिजिकल चेकिंग के दौरान करीब 48,550 अमेरिकी डॉलर, यानी लगभग 45.28 लाख रुपये की रकम बरामद हुई।

इसके बाद सीआईएसएफ ने यात्री को पकड़ी गई विदेशी मुद्रा के साथ कस्टम विभाग को सौंप दिया, ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

--आईएएनएस

पीआईएम/पीएम