'हमने आखिरी तीन ओवर में अधिक रन दिए', शुभमन गिल ने गेंदबाजों को ठहराया तीसरे वनडे में हार के लिए जिम्मेदार
लंदन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। भारत को इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लिश टीम से मिले 388 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की टीम 7 विकेट खोकर 360 रन ही बना सकी। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने हार के लिए गेंदबाजों को जिम्मेदार ठहराया।
मैच के बाद कप्तान गिल ने माना कि आखिरी के तीन ओवरों में अधिक रन देना टीम को भारी पड़ा। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि 45वें ओवर तक हम गेम में बने हुए थे। हमने आखिरी तीन ओवरों में बहुत ज्यादा रन दे दिए। मुझे लगता है कि हमने लगभग 60 रन दिए और वही से मैच हमारे हाथ से थोड़ा निकल गया।"
गिल ने कहा कि भारतीय टीम को पूरी उम्मीद थी कि वह इस रन चेज को सफलतापूर्वक पूरा कर लेंगे। उन्होंने कहा, "हां, बिल्कुल, हमने सोचा कि अगर 40 ओवर के बाद हमारे पास विकेट बचे रहे, तो हम मैच में बने रहेंगे। हालांकि, साथ ही, हम गेम में बहुत पीछे भी नहीं रहना चाहते थे। इसी वजह से मुझे लगता है कि पावरप्ले के बाद हमने रन बनाना शुरू किया और रन रेट को छह या साढ़े छह के आसपास बनाए रखा। अगर हम छह या साढ़े छह के आसपास खेलते रहते और फिर आखिरी 10 ओवर में 100-110 रन बना लेते, तो कुछ भी हो सकता था।"
भारतीय कप्तान के अनुसार, गेंदबाजों का प्रदर्शन इस सीरीज में निराशाजनक रहा। उन्होंने कहा, "हां, मतलब, लगभग सभी बल्लेबाजों ने मैचों में रन बनाए। मुझे लगता है कि इस मैच में हमने अच्छी गेंदबाजी नहीं की, खासकर पावरप्ले में। मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में बहुत सारी खराब गेंदें फेंकीं। फिर पावरप्ले के बाद दोनों ओपनर्स ने जिस तरह से मौके का फायदा उठाया, वह जबरदस्त था। उन्होंने हमें मैच में वापसी करने का कोई मौका ही नहीं दिया। इसके बाद फिर आखिरी के ओवरों में, जैसा कि मैंने कहा, वे हमसे बहुत आगे निकल गए।"
कोहली-रोहित की बल्लेबाजी की प्रशंसा करते हुए गिल ने कहा, "उन्होंने (कोहली-रोहित) पिछले कुछ वर्षों में दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि रोहित ने इस मुकाबले में जिस तरह से बैटिंग की। मुझे लगता है कि आखिर में विकेट थोड़ा धीमा हो गया था। उन रनों को बनाना आसान नहीं था। हालांकि, मेरे हिसाब से जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, उसे देखना वाकई बहुत शानदार था।"
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 3 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 387 रन लगाए। टीम की ओर से बेन डकेट ने 141 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि जैकब बेथेल ने 91 रनों का योगदान दिया। वहीं, जो रूट ने सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए। हालांकि, भारतीय टीम 388 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित शर्मा (138 रन), विराट कोहली (74 रन) और शुभमन गिल (77 रन) की दमदार पारियों के बावजूद लक्ष्य से 27 रन दूर रह गई। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया।
--आईएएनएस
एसएम/एएस
