Aapka Rajasthan

'हम सभी को पता था पर आखिर में मुझे 'बलि का बकरा' बनाया गया', बैनक्रॉफ्ट का सैंडपेपर विवाद पर बड़ा खुलासा

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। साल 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते पकड़े गए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया है कि पूरी टीम को इस बॉल-टेम्परिंग की जानकारी थी। उनका दावा है कि इस घटना के लिए, जिसमें शुरू में केवल तीन खिलाड़ियों को सजा मिली थी, अंततः उन्हें ही 'बलि का बकरा' बना दिया गया।
 

नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। साल 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते पकड़े गए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया है कि पूरी टीम को इस बॉल-टेम्परिंग की जानकारी थी। उनका दावा है कि इस घटना के लिए, जिसमें शुरू में केवल तीन खिलाड़ियों को सजा मिली थी, अंततः उन्हें ही 'बलि का बकरा' बना दिया गया।

बैनक्रॉफ्ट ने इस विवाद पर अपनी 8 साल की चुप्पी तोड़ते हुए खुलासा किया कि उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान कुछ अहम बातें छिपा ली थीं। साथ ही उन्होंने अपने पूर्व साथियों द्वारा बताई गई घटना की कहानी पर भी सवाल उठाए हैं। केप टाउन टेस्ट के बाद की स्थिति को याद करते हुए बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि पूरी टीम की मीटिंग में किसी ने भी यह नहीं कहा कि उन्हें सैंडपेपर के इस्तेमाल के बारे में पता नहीं था। उन्होंने विकेटकीपर पीटर हैंड्सकॉम्ब की भूमिका की ओर भी इशारा किया, जो कैमरे में कैद हो गए थे। यह इस बात का सबूत है कि ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों को इस पूरी साजिश के बारे में पता था।

'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' के लिए लिखे 4 हजार शब्दों के सनसनीखेज कॉलम में बैनक्रॉफ्ट ने कहा, "जब मुझे पकड़ा गया, तो ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान पीटर हैंड्सकॉम्ब बाहर आए और सैंडपेपर को मेरी पैंट के अंदर डाल दिया। उन्होंने मुझसे कहा, 'मुझे लगता है कि अब इसे तुमसे ले लेने का समय आ गया है'। और पीटर अपना काम कर रहे थे, क्योंकि कोच ने वॉकी-टॉकी पर चिल्लाकर उनसे कहा था, 'जल्दी से बैनक्रॉफ्ट के पास से वह सैंडपेपर हटाओ'।"

उन्होंने आगे कहा, "मेरी राय में अगर उन्हें इस बारे में पता नहीं होता, तो वह ऐसा नहीं कहते। अगर पहले यह बात साफ नहीं थी, तो अब तो बिल्कुल साफ हो गई है। हम सभी को पता था।" बैनक्रॉफ्ट ने कहा कि वह वर्षों से इस घटना का बोझ ढो रहे थे और उनका मानना ​​है कि उन पर जरूरत से ज्यादा जिम्मेदारी डाल दी गई थी। उन्होंने कहा, "अंत में, पूरी टीम की गलती के लिए मुझे ही 'बलि का बकरा' बना दिया गया।"

33 वर्षीय खिलाड़ी ने यह भी माना कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के जांचकर्ताओं को दिया गया उनका पिछला बयान अधूरा था। उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ अहम जानकारियां छिपाई थीं, जैसे कि सैंडपेपर का इस्तेमाल कब शुरू हुआ, यह कितने समय तक चला और इसके बारे में और किसे-किसे पता था। उन्होंने कहा, "साउथ अफ्रीका में गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करने के बारे में सिर्फ हम तीन लोग - स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और मैं - ही नहीं जानते थे। पूरी टीम को इसके बारे में पता था।"

बैनक्रॉफ्ट ने आगे कहा, "जब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान मुझसे पूछताछ की गई, तो मैंने पूरी और सच बात नहीं बताई। मैंने कई अहम जानकारियां छिपाईं, जैसे कि सैंडपेपर का इस्तेमाल कब शुरू हुआ, यह कितने समय तक चला, और इसमें बाकी लोग कैसे शामिल थे या उन्हें इसकी कितनी जानकारी थी।"

बैनक्रॉफ्ट ने बताया कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पहली बार सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने दावा किया कि रिवर्स स्विंग कराने को लेकर हुई चर्चा में बॉलिंग कोच डेविड साकर और हेड कोच डैरेन लेहमैन भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि डेविड वॉर्नर ने ही सैंडपेपर इस्तेमाल करने का सुझाव दिया था, लेकिन वह खुद ऐसा नहीं कर सकते थे क्योंकि टीवी कैमरों की नजर हमेशा उन पर रहती थी। बैनक्रॉफ्ट के मुताबिक, स्टीव स्मिथ ने साफ कर दिया था कि वह इस योजना का हिस्सा नहीं बनना चाहते।

उन्होंने कहा कि उन्हें पता था कि यह धोखाधड़ी है, लेकिन टीम में एक युवा खिलाड़ी होने के नाते उन्होंने इसे अपना योगदान देने के एक मौके के रूप में देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिलसिला केप टाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच तक जारी रहा, जहां साकर ने उनसे फिर से सैंडपेपर का इस्तेमाल करने के लिए कहा। बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया कि गेंदबाजों ने बार-बार इशारा किया कि गेंद की स्थिति बदलने के लिए उनकी कोशिशें काफी नहीं थीं।

उन्होंने कहा, "उन सभी ने मुझसे कहा कि मैं जो कर रहा था, वह काफी नहीं था।" इस पूर्व ओपनर ने इस घोटाले के बाद के वर्षों में अपने साथियों द्वारा दिए गए सार्वजनिक बयानों पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लायन के 2021 के एक संयुक्त बयान का विशेष रूप से जिक्र किया। इस बयान में गेंदबाजों ने कहा था कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि मैदान पर सैंडपेपर लाया गया था। उन्होंने इसे बेहद तकलीफदेह बताया।

बैंक्रॉफ्ट ने कहा कि कमिंस की हालिया मीडिया कॉन्फ्रेंस ने उन्हें अपनी बात सभी के सामने रखने के लिए प्रेरित किया। खासकर तब, जब उस्मान ख्वाजा की टिप्पणियों के बाद यह मामला फिर से चर्चा में आ गया। उन्होंने कहा, "इससे मुझे गुस्सा आया, लगा जैसे धोखा मिला हो और मैं बिल्कुल अकेला पड़ गया हूं।"

उन्होंने केप टाउन में दिन का खेल खत्म होने के बाद स्मिथ के साथ की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी अफसोस जताया। उन्होंने बताया कि वह संभावित नतीजों को लेकर डरे हुए थे और उन्हें सेकर तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने निर्देश दिया था कि वे उस बाहरी वस्तु को 'सैंडपेपर' न बताएं।इस घटना में अपनी भूमिका के लिए बैंक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया था, जबकि स्मिथ और वॉर्नर पर 12 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। उन्होंने कहा कि इस घटना का उनके करियर पर लगातार असर पड़ा है और 2019 के बाद से—जब जस्टिन लैंगर कोच थे—वे ऑस्ट्रेलिया के लिए नहीं खेल पाए हैं।

उन्होंने कहा, "मेरा क्रिकेट करियर बर्बाद हो गया है और 2019 में जस्टिन लैंगर के कोच रहने के बाद से मैं कभी अपने देश के लिए नहीं खेल पाया हूं।" ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कहा, "मगर अब मैं एक ऐसे मोड़ पर आ गया हूं, जहां घटनाओं के अधूरे सच को छिपाते रहना, खुद सच बताने से कहीं ज्यादा नुकसानदेह लगता है।"

--आईएएनएस

एसएम/पीएम