'हम मौकों को भुनाने में नाकाम रहे', जीटी के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान पंत
लखनऊ, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में रविवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। घरेलू मैदान पर मिली लगातार छठी हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने माना कि टीम मुकाबले में हाथ आए मौकों को भुनाने में नाकाम रही, जिसका खामियाजा भुगतना पड़ा।
पंत ने मैच के बाद कहा, "देखिए, रन तो जाहिर तौर पर काफी नहीं थे। इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि इस तरह की विकेट पर 170 से 180 का स्कोर वाकई एक अच्छा स्कोर होता। हालांकि, उन्होंने हम पर इतना दबाव बनाया कि विकेट गिरते ही चले गए। देखिए, जैसा मैंने कहा कि इस तरह की विकेट पर 170 से 180 का स्कोर निश्चित रूप से एक अच्छा स्कोर होता। हालांकि, आप जानते हैं कि इसके बावजूद आपके पास मैच में वापसी करने के मौके होते हैं। बस हम उन मौकों को ठीक तरह से भुना नहीं पाए।"
बल्लेबाजी क्रम को लेकर बात करते हुए पंत ने कहा, "देखिए, यह निश्चित रूप से एक बेहतरीन लाइनअप है। हालांकि, टूर्नामेंट तो अभी-अभी शुरू हुआ है। हम खिलाड़ियों पर दबाव नहीं डाल रहे हैं, खासकर सीनियर खिलाड़ियों पर, क्योंकि उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। हां, कई बार ऐसा होता है जब आप अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन कर नहीं पाते। मगर इसके साथ ही आप जानते हैं कि टीम में एक-दूसरे पर भरोसा और विश्वास काफी है। हमें पता है कि वे जल्द ही फॉर्म में वापस आ जाएंगे। हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं।"
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 164 रन लगाए। टीम की ओर से सर्वाधिक 30 रन एडेम मार्करम ने बनाए। एलएसजी का बल्लेबाजी क्रम अच्छी लय में दिखाई नहीं दिया। मिचेल मार्श 11 रन ही बना सके, तो कप्तान ऋषभ पंत 18 रन बनाकर चलते बने। आयुष बदोनी 9 रन ही बना सके। निकोलस पूरन 19 रन बनाकर प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बने। अब्दुल समद ने 18 रन बनाए, तो मुकुल चौधरी भी 18 रन बनाने के बाद आउट हुए।
गुजरात टाइटंस ने एलएसजी से मिले 165 रनों के लक्ष्य को 4 विकेट खोकर सिर्फ 18.2 ओवर में हासिल कर लिया। शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 56 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, जोस बटलर ने 37 गेंदों में 60 रन बनाए। वॉशिंगटन सुंदर 21 और राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, साई सुदर्शन ने 15 रनों का योगदान दिया।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
