Aapka Rajasthan

हम जिस तरह से लड़े, उससे मैं काफी खुश हूं: ईशान किशन

हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 5 विकेट से हराया। हालांकि, हार के बावजूद कप्तान ईशान किशन ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में जिस तरह से हम लड़े, उससे मैं काफी खुश हूं।
 
हम जिस तरह से लड़े, उससे मैं काफी खुश हूं: ईशान किशन

हैदराबाद, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 5 विकेट से हराया। हालांकि, हार के बावजूद कप्तान ईशान किशन ने टीम के गेंदबाजों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस मुकाबले में जिस तरह से हम लड़े, उससे मैं काफी खुश हूं।

एसआरएच से मिले 157 रनों के लक्ष्य को लखनऊ सुपर जायंट्स ने सिर्फ एक गेंद शेष रहते हुए हासिल किया। इस करीबी हार पर बात करते हुए ईशान किशन ने एसआरएच के गेंदबाजों और फील्डरों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने कम स्कोर का बचाव करते हुए भी मैच को आखिरी ओवर तक पहुंचाया। मैच के बाद उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि गेंदबाजों ने आज बहुत अच्छा काम किया। उन्होंने योजना के अनुसार सही जगहों पर गेंदबाजी की। फील्डरों को भी इसका श्रेय जाता है, जिन्होंने अपना पूरा जोर लगाया। हालांकि, आप जानते हैं कि इस तरह के टूर्नामेंट में एक या दो चौके मैच का रुख बदल सकते हैं और मुकाबले को हाथ से निकाल सकते हैं। मगर जिस तरह से हम इस मैच में लड़े, उससे मैं खुश हूं।"

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम एक समय पर 26 रनों के स्कोर पर 4 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही थी। हालांकि, हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी ने पांचवें विकेट के लिए 116 रनों की अहम साझेदारी निभाते हुए टीम को 156 रनों के टोटल तक पहुंचाया। क्लासेन ने 62 रन बनाए, जबकि नीतीश ने 56 रनों का योगदान दिया।

कप्तान किशन ने नीतीश-क्लासेन की साझेदारी के महत्व को स्वीकार करते हुए माना कि शुरुआती विकेट गिरने से मध्यक्रम पर दबाव आ गया था। उन्होंने कहा, "शुरुआती 4 विकेट गंवाने से आप जानते हैं कि दूसरे बल्लेबाजों पर भी दबाव आ जाता है। मैं क्लासेन और नीतीश की तारीफ करूंगा कि उन्होंने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मुझे लगता है कि उन्होंने यह बहुत ही शानदार तरीके से किया, ठीक वैसे ही जैसी उस समय जरूरत थी। तो हां, इसका श्रेय उन्हें ही जाता है।"

इसके साथ ही एसआरएच के कप्तान ने यह भी माना कि बल्लेबाजी क्रम में अभी भी सुधार की गुंजाइश है, क्योंकि कई मुकाबलों में टीम को एक बड़ा स्कोर खड़ा करने में संघर्ष करना पड़ा है। "हमें अपनी बैटिंग पर भी काम करने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे कई मैच हुए हैं जिनमें हमने चेज करने वाली टीम के लिए काम आसान कर दिया।"

वहीं, जीत दर्ज करने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की। पंत ने कप्तानी पारी खेलते हुए 50 गेंदों में 68 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्होंने कहा, "बिल्कुल, यह एक बहुत बड़ी बात है। जब आप आखिर तक टिके रहते हैं और मैच खत्म करते हैं, तो यह हमारे लिए निश्चित रूप से एक बड़ा फायदा होता है।"

गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बात करते हुए पंत ने कहा, "मेरा मानना ​​है कि गेंदबाजों की अक्सर तारीफ की जानी चाहिए, क्योंकि यही वो लोग होते हैं जो आपके लिए मुकाबले को तैयार करते हैं, खासकर तब जब आप पहले गेंदबाजी करते हैं। मुझे लगता है कि शमी, आवेश, राठी—सभी ने सचमुच बहुत अच्छा योगदान दिया। खासतौर पर सिद्धार्थ ने, जिन्हें आज के मुकाबले के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी