'हम गुलामी की मानसिकता से बाहर निकले हैं', राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी
जयपुर, 12 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के जयपुर में शुक्रवार को भाजपा की केंद्र सरकार के सत्ता में 12 साल पूरे होने के अवसर पर सूचना केंद्र में एक विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस प्रदर्शनी का अवलोकन करने के लिए राज्य की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी पहुंची। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हम गुलामी की मानसिकता से बाहर निकले हैं। मैं गर्व के साथ कह सकती हूं कि मैं भारतीय हूं। पहले ऐसा कहां होता था।
राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने सूचना केंद्र में एक प्रदर्शनी का दौरा किया और कहा कि राज्य की डबल-इंजन सरकार ने पिछले ढाई सालों में काफी तरक्की की है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार मार्गदर्शन और सहयोग से विकास के कामों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने ऐसी मानसिकता पैदा की, जिसमें हमें भारतीय होने पर गर्व नहीं होता था, लेकिन आज पीएम मोदी के नेतृत्व में भारतीय होने पर गर्व है। मैं पीएम मोदी को धन्यवाद करना चाहती हूं कि इस मानसिकता के लिए जो अब बन गई है। मुझे भारतीय कहलाने पर गर्व होता है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बहुत अच्छी चल रही है। राजस्थान में बिजली, कनेक्टिविटी हो या फिर दूसरा क्षेत्र, विकास हुआ है। युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि यह महिलाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण विधेयक सरकार लाई। वह अलग बात है कि विपक्ष ने पास नहीं होने दिया। लेकिन, निराश होने की जरूरत नहीं है, यह पास होगा। अगर ज्यादा से ज्यादा महिलाएं लीडर बनेंगी तो उन्हें ज्यादा अवसर मिलेंगे और वे महिलाओं के अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ेंगी।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि मोदी सरकार के 12 साल भरोसे, विकास और जन-कल्याण के हैं। मैं प्रधानमंत्री को बहुत-बहुत बधाई देती हूं। देश में बहुत बदलाव आया है। हमारी सोच बदली है। हम गुलामी की मानसिकता से बाहर निकले हैं। हम देश को सबसे ऊपर रखते हैं और अपने देश पर गर्व करते हैं। ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तीकरण को अभूतपूर्व गति मिली है। ‘नारी शक्ति’ को राष्ट्र निर्माण की अग्रणी शक्ति मानते हुए केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व को सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल किए हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
