'हम बेकार हो जाएंगे', श्रीलंका के विश्व कप से बाहर होने पर बोले कुमार संगाकारा
कोलंबो, 26 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 विश्व कप 2026 की सह-मेजबान श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। बुधवार को कोलंबो में खेले गए सुपर-8 के अपने दूसरे मुकाबले में श्रीलंका को न्यूजीलैंड के खिलाफ 61 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ ही श्रीलंका विश्व कप से बाहर हो गई। सुपर-8 के पहले मैच में भी श्रीलंका को इंग्लैंड के हाथों 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था।
श्रीलंका के विश्व कप से बाहर होने के बाद पूर्व कप्तान कुमार संगाकारा निराश नजर आए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी निराशा व्यक्त की। संगकारा ने कहा कि 2014 में टी20 विश्व कप जीतने के बाद से श्रीलंका का लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में न पहुंच पाना बेहद निराशाजनक है।
कुमार संगाकारा ने एक्स पर लिखा, "हर तरफ बहुत दुख है। फैंस दुखी, निराश और गुस्से में हैं। खिलाड़ी भी बहुत दुखी हैं। मैं भी ऐसे ही ड्रेसिंग रूम में रहा हूं। यह आसान नहीं है, लेकिन यह जिम्मेदारी मैदान के साथ आती है। अपने देश और अपने लोगों का प्रतिनिधित्व करना एक बोझ के साथ ही बहुत बड़ा सौभाग्य है। सही रास्ते पर आने के लिए हर स्तर पर बहुत काम करना है। हम एक ही चीज बार-बार नहीं कर सकते और अलग नतीजों की उम्मीद नहीं कर सकते, जब हमारे आस-पास क्रिकेट की दुनिया इतनी तेजी से बदल गई है। हमने खुद को नहीं बदला है और खतरा यह है कि हम बेकार हो जाएंगे।"
श्रीलंका टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 स्टेज से बाहर होने वाली पहली टीम बनी है। 2014 में विजेता बनने के बाद यह लगातार पांचवां मौका है, जब श्रीलंका सेमीफाइनल में नहीं पहुंची है। 2014 में भारत को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीतने वाली टीम का संगाकारा हिस्सा थे। वे 2009 से 2014 के बीच टीम के स्वर्णिम दौर का हिस्सा रहे, जब श्रीलंका चार लगातार संस्करणों में कम से कम सेमीफाइनल तक पहुंचा, 2009 और 2012 में फाइनल खेला, और 2014 में खिताब जीता।
--आईएएनएस
पीएके
