Aapka Rajasthan

होमगार्ड जवानों की भूमिका से मजबूत होगी कानून व्यवस्था, पांच हजार ‘पुलिस दीदी’ होंगी तैनात: सीएम सम्राट चौधरी

पटना, 18 जून (आईएएनएस)। पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को आयोजित बिहार गृह रक्षा वाहिनी के नवनामांकित गृह रक्षकों के पारण परेड समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। समारोह में नवप्रशिक्षित गृह रक्षकों ने अनुशासन, प्रशिक्षण और विभिन्न करतबों का प्रदर्शन कर अपनी दक्षता का परिचय दिया।
 
सीएम सम्राट चौधरी ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार गृह रक्षा वाहिनी का सशक्त और आधुनिक स्वरूप राज्य की प्रगति तथा मजबूत होती कानून-व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षण राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में करीब 1.10 लाख होमगार्ड जवानों ने अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप कहीं भी पुनर्मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी। वहीं वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में लगभग 44 हजार होमगार्ड जवानों ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में अहम योगदान दिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने 3 सितंबर 2025 से होमगार्ड जवानों के दैनिक भत्ते को 774 रुपए से बढ़ाकर 1121 रुपए कर दिया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के कल्याण और सुविधाओं के प्रति सरकार पूरी तरह संवेदनशील है तथा भविष्य में भी उनके हित में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यालयों और कॉलेजों के आसपास 5 हजार स्कूटी एवं मोटरसाइकिल पर सवार ‘पुलिस दीदी’ तैनात की जाएंगी, जिससे बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने दोहराया कि राज्य में कानून-व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के लिए बिहार में कोई स्थान नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार स्पेशल आर्म्ड फोर्स की तर्ज पर होमगार्ड जवानों को भी उच्चस्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिसका लाभ उन्हें पूरे सेवाकाल में मिलेगा। उन्होंने नवप्रशिक्षित जवानों से राष्ट्रसेवा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। समारोह के दौरान बिहार गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाओं की महानिदेशक-सह-महादेष्टा शोभा ओहटकर ने नवनामांकित गृह रक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं प्रशिक्षित महिला एवं पुरुष कमांडो दल ने अपने विशेष कौशल और साहसिक करतबों का प्रदर्शन किया।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी