Aapka Rajasthan

भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप खेलने पर पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन लेगा सरकार से सलाह

मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) इस साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने के मामले में अपनी सरकार की सलाह लेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के बीच तनाव अब खेल के मैदान तक भी पहुंच गया है।
 
भारत के खिलाफ वर्ल्ड कप खेलने पर पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन लेगा सरकार से सलाह

मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) इस साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ खेलने के मामले में अपनी सरकार की सलाह लेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के बीच तनाव अब खेल के मैदान तक भी पहुंच गया है।

इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) ने टूर्नामेंट के ड्रॉ की घोषणा करते हुए बताया कि भारत और पाकिस्तान को 16 टीमों वाले इस वर्ल्ड कप के 'पूल डी' में रखा गया है। हालांकि, पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (पीएचएफ) के अधिकारियों ने 'टेलीकॉम एशिया स्पोर्ट' को बताया कि 19 अगस्त को पहले राउंड के मैच में भारत के खिलाफ मैदान में उतरने के मामले में वे पूरी तरह से सरकार के फैसले का पालन करेंगे।

पुरुषों का हॉकी वर्ल्ड कप 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। 2018 में भारत के भुवनेश्वर में हुए टूर्नामेंट में 16 टीमों में से 12वें स्थान पर रहने के बाद, यह पाकिस्तान का पहला वर्ल्ड कप होगा। पाकिस्तान 2014 और 2022 के वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहा था। पाकिस्तान फील्ड हॉकी में चार बार का विश्व चैंपियन है, और उसने अपना आखिरी खिताब 1994 में जीता था।

पीएचएफ इस समय एक अंतरिम व्यवस्था के तहत काम कर रहा है, जिसकी प्रबंधन समिति 27 मार्च को बैठक करेगी और इस मामले पर विचार-विमर्श करेगी।

ओलंपियन समीउल्लाह ने 'टेलीकॉमएशियाडॉटनेट' को बताया, "हमें पता है कि पाकिस्तान और भारत को एक ही पूल में रखा गया है, इसलिए 27 मार्च को होने वाली कार्यकारी समिति की बैठक के एजेंडे में यह मुद्दा भी शामिल होगा। यह एक गंभीर मामला है, इसलिए हमें सरकार से सलाह लेनी होगी।"

2008 के मुंबई हमलों के बाद से भारत ने पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंध रोक रखे हैं, हालांकि दोनों देश बहु-राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में एक-दूसरे के खिलाफ खेलते हैं। लेकिन पिछले साल, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए एक आतंकी हमले के बाद दोनों देशों की सेनाओं के बीच बढ़े तनाव के चलते, भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी पुरुष क्रिकेट टीम को पाकिस्तान भेजने से इनकार कर दिया था।

राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तान ने पिछले साल भारत में आयोजित हुए एशिया कप और जूनियर वर्ल्ड कप, दोनों से ही अपना नाम वापस ले लिया था। मेंस टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भी पाकिस्तान ने इसी तरह के दावे किए थे, तब पाकिस्तानी सरकार ने अपनी टीम से कहा था कि वह श्रीलंका के कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मैच के लिए मैदान पर न उतरे, लेकिन अंत में पाकिस्तान को अपना फैसला बदलना पड़ा।

दोनों देशों के बीच आखिरी फील्ड हॉकी मैच 30 सितंबर 2022 को एशियन गेम्स में हुआ था, जिसमें भारत ने 10-2 के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने पिछले सभी पांचों मुकाबले जीते हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी