दिल्ली शब्दोत्सव 2026: सुनील आंबेकर ने कहा- हिंदुत्व भारत में सभी को एक करने वाला सूत्र
नई दिल्ली, 4 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा है कि हिंदुत्व में ही एकत्व का तत्व है और यही भारत में सभी को एक करने वाला सूत्र है।
सुनील आंबेकर ने रविवार को 'दिल्ली शब्दोत्सव 2026' में 'हिंदुओं' के बारे में अपने विचार रखते हुए कहा, "हिंदू हमारी सांस्कृतिक पहचान है, और यह हिंदू पहचान हमारे राष्ट्र से जुड़ती है। हजारों साल हमारे पूर्वजों ने यही प्रयास किए कि कैसे हम सकारात्मक रहें और सभी को अपना मानकर जोड़कर रखें। हिंदुत्व में ही एकत्व का तत्व है।"
उन्होंने कहा कि 'हम सब एक हैं' की बात में विश्वास करने वाले सभी लोग हिंदू हैं। नई पीढ़ी के मन में आज यही है कि हमें एक रहना है तो हमें एकता का सूत्र चाहिए। भारत में सभी को एक करने वाला सूत्र हिंदुत्व है।
जातीय व्यवस्था पर सुनील आंबेकर ने कहा कि राजनीति के कारण लोग जातियों को लेकर झगड़ते हैं, लेकिन जब हर जाति के लोग अपने मित्रों की सूची में अन्य सभी जातियों के लोगों को रखेंगे, तो किसी भी नेता की जाति को लेकर राजनीति करने की हिम्मत नहीं होगी। समाज में जब तक इन चीजों को बढ़ाया जाता है, तब तक विवाद होते हैं, इसलिए सामाजिक तौर पर भी हमें इसके लिए प्रयास करने होंगे।
कार्यक्रम में चर्चा के दौरान सुनील आंबेकर ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, "भारत और हिंदुत्व के बारे में विदेशों में जागृति तैयार हो रही है। इसका प्रभाव बन रहा है कि अगर भारत में एक ही स्वर आएगा तो यह राष्ट्र मजबूत होगा। लेकिन भारत में ऐसे कुछ लोग हैं जो भारत से बाहर विदेशों में जाकर लगातार भारत के विरोध में बोलते हैं।"
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख ने कहा कि भारत में ऐसी बातों को प्रतिष्ठा नहीं मिलनी चाहिए। भारत के नाते यह संदेश होना चाहिए कि हम सभी एक हैं।
--आईएएनएस
डीसीएच/एएस
