हिंदू परंपराओं और साधु-संतों का उपहास बर्दाश्त नहीं, राहुल गांधी मांगे माफी : संजय सरावगी
पटना, 2 अगस्त (आईएएनएस)। राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन और उसके बाद राहुल गांधी तथा पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान सनातन संस्कृति, हिंदू परंपराओं और साधु-संतों का उपहास उड़ाया गया, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।
संजय सरावगी ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी, पप्पू यादव और विपक्ष के अन्य नेताओं ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया, उससे करोड़ों हिंदुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान सनातन संस्कृति और साधु-संतों का मजाक उड़ाया गया, जो भारत की सांस्कृतिक परंपरा का अपमान है। उन्होंने कहा कि साधु-संत सदियों से भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के प्रतीक रहे हैं और उनका इस तरह उपहास उड़ाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को देशभर के लोगों ने देखा और इससे आम लोगों में भारी नाराजगी है। लोकसभा अध्यक्ष ने भी इस मामले को गंभीरता से लिया है। सरावगी ने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो देशभर में जहां-जहां वे जाएंगे, वहां जनता उनका विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भारत की जनता अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक आस्थाओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक को लेकर राहुल गांधी के रुख पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में यह आशंका थी कि परिसीमन के बाद उनकी लोकसभा सीटों की संख्या कम हो सकती है। लेकिन संसद में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया कि किसी भी राज्य के साथ अन्याय नहीं होगा और सभी राज्यों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। सरावगी ने कहा कि अब जब दक्षिण भारतीय राज्यों को भरोसा हो गया है कि उनके साथ संतुलित व्यवहार होगा, तब राहुल गांधी अपना रुख बदल रहे हैं। उनके अनुसार, इस तरह के राजनीतिक पैंतरे से कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि परिसीमन देश की जरूरत है और बढ़ती आबादी के अनुरूप लोकसभा सीटों का विस्तार आवश्यक है।
बिहार के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा जारी वित्तीय सहायता का स्वागत करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि केंद्र ने राज्य को विकास कार्यों के लिए 10,845 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की है, जो देश में दूसरी सबसे बड़ी राशि है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हमेशा बिहार के विकास को प्राथमिकता देती रही है। इस आर्थिक सहायता से राज्य में आधारभूत ढांचे, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति मिलेगी।
जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुई आतंकी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति से उसका नाम पूछकर गोली मारना बेहद अमानवीय और निंदनीय कृत्य है। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सरावगी ने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
उन्होंने इस मुद्दे पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला की टिप्पणियों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि ऐसे बयान गलत संदेश देते हैं। सरावगी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आतंकवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान के भीतर मौजूद आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त किया, जिसके बाद बड़े शहरों में होने वाली आतंकी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। हालांकि, उन्होंने माना कि जम्मू-कश्मीर की ताजा घटना बेहद गंभीर है और इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस
