हिंदू लड़कियों के अपहरण एवं लव जिहाद में जिहादी ताकतें सक्रिय: गोपाल राय
लखनऊ, 21 मई (आईएएनएस)। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिंदू लड़कियों के अपहरण, लव जिहाद, खरीद-फरोख्त और धर्मांतरण के बढ़ते मामलों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।
गोपाल राय ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में संगठित तरीके से लव जिहाद और धर्मांतरण का नेटवर्क चलाया जा रहा है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों से लगातार हिंदू बेटियों के गायब होने और उनके धर्मांतरण की घटनाएं सामने आ रही हैं, फिर भी प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। विशेष रूप से गाजियाबाद के त्यागी परिवार की लड़की सहित छह अन्य युवतियों के लापता होने का मामला उठाया।
गोपाल राय ने आरोप लगाया कि मेरठ निवासी बदर अख्तर सिद्दकी ने आशा नेगी, प्रिया त्यागी समेत दर्जनों हिंदू लड़कियों को लव जिहाद के जाल में फंसाकर अपहरण किया है। प्रिया त्यागी के परिवार ने दो लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया था, लेकिन बच्चियां अब तक बरामद नहीं हो सकी हैं।
उन्होंने बताया कि बदर अख्तर सिद्दकी सऊदी अरब से अपना गिरोह संचालित कर रहा है। गोपाल राय ने कहा कि दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय हिन्दू लड़की का अपहरण हो गया है, जो अभी तक लापता है। थाना चिनहट में एक सप्ताह पहले पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया गया था, जिसके बाद डीसीपी पूर्वी के सख्त निर्देश पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद धीमी है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और कई राज्यों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है, जो कई गंभीर सवाल खड़े करता है। गोपाल राय ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं करता, तो विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
उन्होंने मांग की कि सभी लापता हिंदू लड़कियों की तत्काल बरामदगी सुनिश्चित की जाए और लव जिहाद व धर्मांतरण के नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने प्रियंका ठाकुर को महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। नियुक्ति के बाद प्रियंका ठाकुर ने कहा कि वे संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी।
उन्होंने कहा कि हिंदू बेटियों की सुरक्षा, महिला जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के लिए देशभर में अभियान चलाया जाएगा।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी
