एआई ने बढ़ाई लागत, जोहो कर्मचारियों को इस वर्ष सामान्य वेतन वृद्धि देना संभव नहीं: श्रीधर वेम्बू
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। सॉफ्टवेयर कंपनी जोहो के मुख्य वैज्ञानिक और सह-संस्थापक श्रीधर वेम्बु ने मंगलवार को कहा कि कंपनी ने बढ़ती लागत और अनिश्चित कारोबारी परिस्थितियों के कारण इस वर्ष कर्मचारियों की सामान्य वेतन वृद्धि (पे-हाइक) नहीं करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने अपने मार्केटिंग बजट में भी कटौती की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में वेम्बु ने कहा कि सॉफ्टवेयर उद्योग का कारोबारी परिदृश्य अनिश्चित बना हुआ है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग ने लागत में भारी वृद्धि कर दी है।
उन्होंने बताया कि डेटा सेंटरों के लिए आवश्यक सर्वर की कीमतों में लगभग चार गुना वृद्धि हुई है। साथ ही एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, जिससे परिचालन खर्च में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी कारोबार के लिए चुनौती बनी हुई हैं।
वेम्बु ने कहा, "हमने अपने मार्केटिंग बजट में कटौती की है। हमने कर्मचारियों को भी बताया है कि इस वर्ष सामान्य वेतन वृद्धि देना संभव नहीं होगा। मैं इसे टाल नहीं पाने के लिए उनसे माफी मांगता हूं।"
उन्होंने आगे कहा कि कंपनी बड़े पैमाने पर छंटनी से बचने की पूरी कोशिश करेगी, लेकिन सॉफ्टवेयर उद्योग में रोजगार का दृष्टिकोण फिलहाल चुनौतीपूर्ण दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि जोहो ने पिछले 18 महीनों से कर्मचारी संख्या में कोई उल्लेखनीय वृद्धि नहीं की है।
वेम्बु ने बताया कि अधिकांश कर्मचारी मौजूदा परिस्थितियों को समझते हैं और इसके लिए उन्होंने उनका आभार भी व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, "हम खुद को नए सिरे से तैयार करने की प्रक्रिया में हैं। अगले 3 से 5 वर्ष तय करेंगे कि हमारा यह बदलाव कितना सफल रहा।"
गौरतलब है कि इसी वर्ष मई में श्रीधर वेम्बु ने एआई को लेकर तकनीकी कंपनियों के बढ़ते वैल्यूएशन पर भी चिंता जताई थी। उनका कहना था कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर निवेशकों का उत्साह कई बड़ी टेक कंपनियों के मूल्यांकन को ऐसे स्तर तक ले गया है, जिसमें डॉट-कॉम बुलबुले जैसी स्थितियां दिखाई देती हैं।
उन्होंने उस समय एनवीडिया, एप्पल, अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट, मेटा प्लेटफॉर्म्स और माइक्रोन टेक्नोलॉजी जैसी कंपनियों का उल्लेख करते हुए कहा था कि इनमें से कई कंपनियां अपने वार्षिक राजस्व की तुलना में बहुत ऊंचे मूल्यांकन पर कारोबार कर रही हैं।
वेम्बु ने डॉट-कॉम दौर के बाद दिए गए स्कॉट मैकनीली के एक बयान का भी हवाला दिया था, जिसमें कहा गया था कि यदि निवेशक किसी कंपनी के वार्षिक राजस्व के दस गुना मूल्य पर निवेश करते हैं, तो उस मूल्यांकन को उचित साबित करने के लिए कंपनी को लंबे समय तक असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
--आईएएनएस
डीबीपी
