'इंस्टाग्राम पर लिखी हर बात को अपनी जिंदगी से जोड़ना सबसे बड़ी भूल', जान खान ने सोशल मीडिया को लेकर दी सलाह
मुंबई, 23 अगस्त (आईएएनएस)। आज के समय में सोशल मीडिया हमारी जिंदगी का इतना बड़ा हिस्सा बन चुका है कि रिश्तों, प्यार और भावनाओं को समझने का तरीका भी बदलता जा रहा है। इंस्टाग्राम पर किसी की तस्वीर देखकर हम उसकी जिंदगी को खुशहाल मान लेते हैं, किसी का लिखा विचार पढ़कर उसे अपनी कहानी से जोड़ लेते हैं। टीवी अभिनेता जान खान का मानना है कि ऐसा करना सही नहीं है।
उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर चीज सच नहीं होती और वहां लिखी बातों को अपनी जिंदगी से जोड़ना समझदारी नहीं है।
आईएएनएस ने जान खान से जब पूछा कि सोशल मीडिया के दौर में रिश्ते और भावनाएं ऑनलाइन दिखाई देने वाली चीजों से प्रभावित होती हैं, क्या इसका असर उनके शो की कहानी पर भी पड़ता है? इस सवाल के जवाब में जान ने कहा, "दिल से दीवानगी तक एक काल्पनिक कहानी है और इसे वास्तविक जिंदगी की तरह नहीं देखा जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर बनने वाले रिश्तों की दुनिया अलग है और असल जिंदगी के रिश्तों से उसकी तुलना नहीं की जा सकती।"
जान ने कहा, ''आज बहुत सी चीजें इंस्टाग्राम पर निर्भर हो गई हैं। लोग अपना काफी समय वहां बिताते हैं और लगातार अलग-अलग तरह के विचार, सलाह और रिश्तों से जुड़ी बातें पढ़ते रहते हैं। समस्या तब होती है, जब लोग इन बातों को बिना सोचे अपनी जिंदगी पर लागू करने लगते हैं।''
उन्होंने कहा, ''सोशल मीडिया पर कई बार ऐसे लोग भी रिश्तों और जिंदगी को लेकर बड़ी-बड़ी बातें लिखते हैं, जिन्होंने शायद खुद उन परिस्थितियों का सामना नहीं किया हो। कुछ लोग सिर्फ ज्यादा लोगों तक पहुंचने, चर्चा पाने या व्यूज बढ़ाने के लिए ऐसी बातें लिखते हैं। इसके बाद दूसरे लोग उन विचारों को पढ़कर अपनी जिंदगी से जोड़ने लगते हैं।''
अभिनेता ने आगे कहा, "हम सभी अपनी जिंदगी में मुश्किलों से गुजर रहे हैं, लेकिन मैं खुद को इंस्टाग्राम, वहां लिखे विचारों या वहां मिलने वाली कथित सीख से जोड़कर नहीं देखता। यह सब बहुत अस्थायी है। सोशल मीडिया पर कुछ मिनट या कुछ घंटे के लिए लोकप्रिय होने वाली बातें जरूरी नहीं कि लंबे समय तक हमारी जिंदगी के लिए सही साबित हों।'"
वहीं, अपने शो 'दिल से दीवानगी तक' के बारे में बात करते हुए जान ने बताया कि उन्हें इस कहानी की सबसे ज्यादा दिलचस्प बात इसका लव ट्रायंगल लगा। शो में अबीर, सिया और जहां के बीच रिश्तों की कहानी दिखाई गई है। जान इसमें जहान का किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जहान एक ऐसा व्यक्ति है, जिसे समझना आसान नहीं है। उसका अगला कदम क्या होगा, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
जान ने अपने किरदार को लेकर कहा, ''जहान जैसा किरदार मैंने पहले कभी नहीं निभाया और इसी वजह से वह मेरे लिए खास है। एक अभिनेता के तौर पर मुझे ऐसे किरदार पसंद हैं, जिनमें मुझे कुछ नया करने और अपनी अभिनय क्षमता को आजमाने का मौका मिला। जहान का अलग व्यक्तित्व मेरे लिए इसी तरह की चुनौती लेकर आया है।''
'दिल से दीवानगी तक' का प्रसारण ऑलराइट टीवी के मोबाइल ऐप पर हर सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को होता है।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
