एईआई रिपोर्ट पर जगन का हमला, बोले- हमारी उपलब्धियों का श्रेय ले रही है चंद्रबाबू नायडू सरकार
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू पर क्रेडिट चोरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौजूदा सरकार 'एक्सेस (इन) इक्वालिटी इंडेक्स' (एईआई) 2024 रिपोर्ट में प्रदेश की बेहतर रैंकिंग का श्रेय ले रही है, जबकि यह सुधार पिछली वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल में हुए थे।
रेड्डी ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी और सेंटर फॉर न्यू इकोनॉमिक स्टडीज (सीएनईएस) द्वारा प्रकाशित तुलनात्मक रैंकिंग का जिक्र किया। यह रिपोर्ट सामाजिक और मानव विकास के पांच प्रमुख पैमानों के आधार पर भारतीय राज्यों का आकलन करती है।
रेड्डी के मुताबिक, जहां 2021 की एईआई रिपोर्ट मुख्य रूप से 2019 से पहले के आंकड़ों पर आधारित थी, वहीं 2024 की रिपोर्ट में विशेष रूप से 2021 से 2023 तक के डेटा का उपयोग किया गया है, जो कि वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल का समय है।
वाईएसआरसीपी प्रमुख ने दोनों रिपोर्टों की तुलना करते हुए बताया कि उनकी पार्टी के शासनकाल में कई अहम पैमानों पर काफी सुधार हुआ है।
कुल मिलाक, आंध्र प्रदेश 'कंपोजिट स्कोर' (समग्र स्कोर) में 2021 के 10वें स्थान से ऊपर उठकर 2024 में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। रिपोर्ट में राज्य को सभी राज्यों के मुकाबले सबसे बड़ी छलांग लगाने के लिए विशेष रूप से सराहा गया है।
विशेष रूप से 'सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा' के मामले में राज्य 2021 में 11वें स्थान पर था, जो 2024 में पहले स्थान पर आ गया है। इसी तरह, 'स्वास्थ्य सूचकांक' में आंध्र प्रदेश 8वें से दूसरे स्थान पर पहुंच गया, जबकि 'कानूनी उपाय' की श्रेणी में राज्य ने 15वें से दूसरे स्थान तक की बड़ी छलांग लगाई है।
रेड्डी ने इन नतीजों खासकर 'सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा' में शीर्ष स्थान पाने का श्रेय अपनी सरकार द्वारा कल्याणकारी योजनाओं और विकास पर दिए गए संतुलित फोकस को दिया है।
उन्होंने कल्याणकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन, आर्थिक संकट के दौर में निजी उपभोग की रक्षा के उपायों और औद्योगिक व विनिर्माण क्षेत्रों के लिए लक्षित सहायता का उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन्हीं कदमों की बदौलत 2019 से 2024 के बीच दक्षिण भारत में सबसे तेज विकास दर हासिल की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी बात समाप्त करते हुए नायडू की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो नायडू इन उपलब्धियों का श्रेय ले रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ वे 2019-2024 के दौर को ऐसा समय बता रहे हैं, जब आंध्र प्रदेश "वेंटिलेटर पर" था।
--आईएएनएस
एएसएच/वीसी
