दिल्ली में लू के लिए 'येलो अलर्ट'; तापमान 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। नई दिल्ली में बुधवार से शुक्रवार तक लू चलने की संभावना है। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पारा बढ़कर लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
दिल्ली एनसीआर में मंगलवार को तेज हवाओं से कुछ देर के लिए राहत मिलने के बावजूद अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि मौसम के सामान्य स्तर से एक डिग्री ज़्यादा है। न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा और इसके लगातार बढ़ने की उम्मीद है, जो 25 अप्रैल तक लगभग 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
नई दिल्ली में दिन के समय भीषण गर्मी महसूस की गई। सफदरजंग स्थित मुख्य वेधशाला ने अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य स्तर से 1.1 डिग्री ज़्यादा है।
खास बात यह है कि इस मौसम में दिल्ली में अभी तक आधिकारिक तौर पर 'हीटवेव' (लू) की स्थिति दर्ज नहीं की गई है जबकि अलग-अलग निगरानी केंद्रों पर तापमान लगातार बढ़ रहा है।
मौसम के अन्य प्रमुख केंद्रों में पालम में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसे साल के इस समय के लिए सामान्य माना जाता है। वहीं लोधी रोड पर तापमान 39.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से 2.0 डिग्री अधिक है। रिज इलाका सबसे गर्म जगह बनकर उभरा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री ज़्यादा है। आयानगर में भी तापमान काफी अधिक रहा, जहां 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.4 डिग्री ज़्यादा है।
सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है।
लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से 3.2 डिग्री कम है जबकि रिज स्टेशन पर 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत से 1.2 डिग्री कम है।
आने वाले दिनों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, ऐसे में लोगों को इस मौसम में लू की पहली लहर का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, प्रशासन भी इस भीषण मौसम के असर से निपटने के लिए अलर्ट पर है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम
