दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत: प्रधानमंत्री मोदी
मनीला, 17 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को आयोजित 21वें 'ईस्ट एशिया समिट' (ईएएस) को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड-19 महामारी के बाद से दुनिया लगातार एक के बाद एक संकटों का सामना कर रही है। ऐसे समय में दुनिया को शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 'ईस्ट एशिया समिट' के सफल आयोजन के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड रोमुअलडेज मार्कोस जूनियर को बधाई भी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय कई गंभीर चुनौतियों से जूझ रही है। बढ़ते संघर्षों के कारण खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरकों पर दबाव बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर जहाजों और नाविकों को भी निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "कोविड महामारी के बाद से दुनिया लगातार एक के बाद एक संकटों का सामना कर रही है। संघर्षों के कारण खाद्य पदार्थों, ईंधन और उर्वरकों पर दबाव बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर जहाजों और नाविकों को भी निशाना बनाया जा रहा है। आतंकवाद के गंभीर खतरे के साथ-साथ साइबर धोखाधड़ी और ऑनलाइन ठगी जैसे नए सीमा पार अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। आज दुनिया को सबसे ज्यादा शांति, स्थिरता और भरोसेमंद माहौल की जरूरत है।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कई वर्षों से ईस्ट एशिया समिट साझा चुनौतियों के समाधान खोजने और आपसी सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच रहा है। उन्होंने कहा कि संवाद, आपसी सम्मान और सहयोग की यही भावना भारत की विदेश नीति की आधारशिला है।
उन्होंने भारत की शांति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, "आसियान की एकता और उसकी केंद्रीय भूमिका हमारी ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में है। हम एक स्वतंत्र, खुले, समावेशी और नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए प्रतिबद्ध हैं। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम शांति के हर प्रयास का समर्थन करते रहेंगे।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डिजिटल दुनिया में भरोसा और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने याद दिलाया कि नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत ने मानव-केंद्रित, समावेशी और सुरक्षित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के विकास पर जोर दिया था। उन्होंने कहा कि भारत ने डीपफेक और गलत सूचनाओं से निपटने के लिए डिजिटल वॉटरमार्किंग जैसी तकनीकों के उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया है।
समुद्री सुरक्षा के महत्व पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारे समुद्र हमारी साझा समृद्धि की जीवनरेखा हैं। उनकी सुरक्षा और समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से हम 'सीफेयरर्स सेफ्टी इनिशिएटिव' शुरू कर रहे हैं, जो संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया में सहयोग को और मजबूत करेगा।"
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों के इस दौर में देशों के बीच सहयोग, विश्वास और साझा प्रयास ही बेहतर भविष्य की राह तैयार कर सकते हैं।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी
