Aapka Rajasthan

त्रिपुरा यूएलबी चुनाव: बड़ी संख्या में महिला मतदाता और उम्मीदवार निभाएंगी अहम भूमिका

अगरतला, 13 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में 27 नवंबर को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों में महिलाएं एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही हैं। कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी आधे से अधिक है और महिला उम्मीदवारों की संख्या भी लगभग पुरुष उम्मीदवारों के बराबर है।
 

अगरतला, 13 नवंबर (आईएएनएस)। त्रिपुरा में 27 नवंबर को होने वाले शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) चुनावों में महिलाएं एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही हैं। कुल मतदाताओं में महिलाओं की हिस्सेदारी आधे से अधिक है और महिला उम्मीदवारों की संख्या भी लगभग पुरुष उम्मीदवारों के बराबर है।

राज्य चुनाव आयोग (एसईसी) के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के आठ जिलों में होने वाले यूएलबी चुनावों में लगभग 5.70 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं, जिनमें से 50 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं।

21 शहरी स्थानीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची के मुताबिक लिंग अनुपात प्रति 1,000 पुरुषों पर 1,044 महिलाएं है।

अधिकारी ने बताया कि अगरतला नगर निगम (एएमसी) सहित 21 शहरी स्थानीय निकायों की 345 सीटों के लिए कुल 810 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें 403 महिलाएं और 407 पुरुष हैं। 155 साल पुराने अगरतला नगर निगम में कुल 51 सीटें हैं, जिनमें से 25 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

21 शहरी स्थानीय निकायों की कुल 345 सीटों में से 162 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं, जबकि 80 सीटें अनुसूचित जाति (एससी) और 9 सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित की गई हैं।

अगरतला नगरपालिका, जिसे बाद में अगरतला नगर निगम का नाम दिया गया, की स्थापना 1871 में तत्कालीन राजा महाराजा चंद्र माणिक्य (1862-96) के शासनकाल के दौरान हुई थी। अगरतला नगर निगम का आधिकारिक गठन 21 जनवरी 2014 को हुआ, जब तत्कालीन अगरतला नगर परिषद को नगर निगम में अपग्रेड किया गया था। राज्य के 21 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) की कुल 345 सीटों में से, 8 निकायों में भाजपा के उम्मीदवार 77 सीटों पर निर्विरोध जीत गए हैं। अब राज्य के 16 शहरी स्थानीय निकायों की 268 सीटों पर मतदान होगा।

राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि 5 शहरी स्थानीय निकायों धलाई जिले में कमलपुर, दक्षिण त्रिपुरा जिले में शांतिर बाजार, और पश्चिम त्रिपुरा जिले में रानीर बाजार, जिरानिया और मोहनपुर की 65 सीटों पर किसी भी विपक्षी या अन्य राजनीतिक दल ने अपने उम्मीदवार नहीं उतारे। नतीजतन, भाजपा के सभी 65 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

इससे भाजपा ने बिना किसी मुकाबले के इन 5 शहरी स्थानीय निकायों पर पूरा नियंत्रण हासिल कर लिया है। इन 65 सीटों के अलावा भाजपा उम्मीदवार 3 अन्य शहरी स्थानीय निकायों धलाई जिले में अंबासा, खोवाई जिले में तेलियामुरा और सिपाहीजाला जिले में बिशालगढ़ में भी 12 सीटों पर निर्विरोध जीते हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अधिकारी नेबताया कि 10 नवंबर की दोपहर को उम्मीदवारी वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य के 8 जिलों में फैले 16 शहरी स्थानीय निकायों (जिसमें अगरतला नगर निगम भी शामिल है) की 268 सीटों के लिए कुल 733 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं।

अकेले अगरतला नगर निगम में 51 सीटें हैं, जो इसे राज्य का सबसे बड़ा शहरी स्थानीय निकाय बनाती हैं। 27 नवंबर को होने वाले चुनाव में मैदान में उतरे 733 उम्मीदवारों में से सबसे ज्यादा उम्मीदवार भाजपा के हैं, जिनके 265 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

सीपीआई (एम) ने 228 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि कांग्रेस के 201 उम्मीदवार हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी, टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने 10 उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं 29 निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। एसईसी अधिकारी ने यह भी बताया कि अगरतला नगर निगम सहित त्रिपुरा के सभी 21 शहरी स्थानीय निकायों का कार्यकाल 9 दिसंबर को समाप्त होने वाला है।

इस बीच विपक्षी दल सीपीआई (एम) और कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के गुंडों ने विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को धमकाया। साथ ही उनके प्रस्तावकों को भी डराया-धमकाया गया, ताकि वे पांच नगर निकायों और अन्य जगहों पर होने वाले यूएलबी चुनावों में हिस्सा न ले सकें।

राज्य के अलग-अलग हिस्सों में, वामपंथी दलों के उम्मीदवारों को यूएलबी चुनाव लड़ने से रोकने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमलों में सीपीआई (एम) के कई सदस्य और कार्यकर्ता घायल हो गए। 27 नवंबर को होने वाले चुनावों के लिए वोटों की गिनती 2 दिसंबर को होगी।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी