Aapka Rajasthan

कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में बड़ा हादसा, पेड़ गिरने से महिला की मौत, दो घायल

कोलकाता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार को पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
 

कोलकाता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल परिसर में सोमवार को पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, महिला की पहचान 46 साल की रहीमा बीबी के तौर पर हुई है। वह बीरभूम जिले के नलहाटी से परिवार के सदस्य का इलाज कराने के लिए सरकारी अस्पताल आई थी।

यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के ओपीडी के सामने अचानक एक पेड़ गिरने से रहीमा घायल हो गईं। उन्हें तुरंत ट्रॉमा केयर यूनिट ले जाया गया, लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

पेड़ गिरने से दो अन्य लोग भी घायल हुए। उनका इलाज अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट में चल रहा है। भीड़भाड़ वाले सरकारी अस्पताल में सुबह के व्यस्त समय में हुई घटना से हड़कंप मच गया।

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, रहीमा की रिश्तेदार अकलिमा बीबी, जो नलहाटी की ही रहने वाली हैं, यूरोलॉजी डिपार्टमेंट में भर्ती हैं। रहीमा उनकी देखभाल के लिए नलहाटी से आई थी।

यूरोलॉजी डिपार्टमेंट के बाहर कंक्रीट की बेंच है, जहां मरीजों के रिश्तेदार बैठते हैं। सोमवार सुबह रहीमा और कुछ अन्य लोग उस बेंच पर बैठे थे, तभी अचानक उन सभी पर पेड़ गिर गया।

रहीमा के अलावा, इस घटना में 68 साल के जिल्लार रहमान और 76 साल के शिश मोहम्मद शेख घायल हो गए। उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।

मरीजों के रिश्तेदारों ने शिकायत की कि प्रशासन को पुराने पेड़ पर पहले ही ध्यान देना चाहिए था, क्योंकि लगातार बारिश से मिट्टी और भी कमजोर हो गई है।

एक मरीज के रिश्तेदार ने कहा, "हम बस इसी तरह पेड़ के नीचे आराम करते हैं। किसी ने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा कुछ हो सकता है। एक महिला की मौके पर मौत हो गई। दो अन्य घायल हो गए। अस्पताल प्रशासन को इस मुद्दे पर ध्यान देने और अपने परिसर में मौजूद अन्य पेड़ों की जांच करने की जरूरत है।"

अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, इस घटना को लेकर अभी तक उनके पास कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम अस्पताल में किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम