Aapka Rajasthan

बेंगलुरु सेंट्रल जेल में सिम कार्ड और नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में महिला गिरफ्तार

बेंगलुरु, 31 मार्च (आईएएनएस)। बेंगलुरु सेंट्रल जेल में कथित तौर पर सिम कार्ड और नशीले पदार्थ की तस्करी की कोशिश करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान रितिका राय (27) के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
 
बेंगलुरु सेंट्रल जेल में सिम कार्ड और नशीले पदार्थ की तस्करी के आरोप में महिला गिरफ्तार

बेंगलुरु, 31 मार्च (आईएएनएस)। बेंगलुरु सेंट्रल जेल में कथित तौर पर सिम कार्ड और नशीले पदार्थ की तस्करी की कोशिश करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान रितिका राय (27) के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 26 मार्च को शाम करीब 4 बजे जेल के जनरल इंटरव्यू सेक्शन में हुई, जहां कैदियों से मिलने से पहले आने वालों की नियमित रूप से जांच की जाती है। रितिका ने एक विचाराधीन कैदी फरहान खान से मिलने के लिए विजिटर पास लिया था।

सुरक्षा जांच के दौरान, ड्यूटी पर मौजूद एक महिला हेड कांस्टेबल को शक हुआ और वह उसे विस्तृत शारीरिक जांच के लिए एक निरीक्षण कक्ष में ले गई। इस दौरान जांच में पता चला कि रितिका ने अपने गुप्तांगों में प्रतिबंधित पदार्थों के तीन पैकेट और तीन एयरटेल 5जी सिम कार्ड छिपा रखे थे।

कथित तौर पर जब्त किए गए सामान में लगभग 30 ग्राम गांजा और 30 ग्राम अन्य नशीले पदार्थ शामिल थे। इन चीजों को जब्त कर लिया गया। साथ ही, जेल के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों की मौजूदगी में सील कर आगे की जांच के लिए भेज दिया गया है।

ड्यूटी पर तैनात असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर की शिकायत के आधार पर रितिका राय के खिलाफ कर्नाटक जेल (संशोधन) अधिनियम, 2022 और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने कैदी तक प्रतिबंधित सामान पहुंचाने के लिए सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश की। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

बता दें कि बेंगलुरु जेल के एक जेल वार्डन को 12 मार्च को कैदियों तक ड्रग्स पहुंचाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। रूटीन जांच के दौरान, अधिकारियों को उसके पास से गांजा, एक स्मोकिंग पाइप और मेथामफेटामाइन मिला था।

इसी तरह, 7 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल के एक स्टाफ सदस्य को हाई-सिक्योरिटी वाली जेल में अपने अंडरगारमेंट्स में छिपाकर बैन की गई चीजें अंदर ले जाने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सेंट्रल जेल के एक वार्डन राहुल पाटिल को मुख्य गेट पर उस वक्त रोक लिया गया था, जब कर्नाटक स्टेट इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स के सुरक्षाकर्मियों को कुछ गड़बड़ लगी। बताया गया है कि दरवाजे पर लगा मेटल डिटेक्टर कई बार बजा, जिसके बाद उसकी पूरी तरह से तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान गार्ड्स को सिगरेट के दो पैकेट और लगभग 60 ग्राम का एक पतला कागज जैसा नशीला पदार्थ मिला, जिसे कथित तौर पर उसने अपने शरीर पर छिपा रखा था।

--आईएएनएस

पीएसके