बेंगलुरु: हार्ट अटैक की झूठी कहानी बनाकर छिपाई हत्या, पत्नी-प्रेमी पुलिस के हत्थे चढ़े
बेंगलुरु, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बेंगलुरु पुलिस ने सोमवार को पति की हत्या और मौत को दिल का दौरा बताकर फर्जी सबूत पेश करने के आरोप में पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार किया।
इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बेट्टादासनपुरा मेन रोड स्थित डोड्डथोगुरु में एक व्यक्ति की मौत की जांच के बाद यह मामला सामने आया।
मृतक के भाई ने 12 अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बड़े भाई बाथरूम जाते समय फिसलकर गिर गए और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु (यूडीआर) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की और अतिरिक्त जानकारी जुटाई।
5 नवंबर को पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपियों में से एक को बुलाया। पूछताछ के दौरान उसने मृतक की पत्नी के साथ अपने अवैध संबंध होने की बात कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक को उनके संबंधों के बारे में पता चल गया था और उसने दोनों को चेतावनी भी दी थी। आरोपियों को लगा कि मृतक उनके रिश्ते में बाधा बन रहा है, इसलिए उन्होंने उसकी हत्या करने की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि 12 अक्टूबर की तड़के आरोपियों ने व्यक्ति का गला घोंट दिया और उसकी नाक व मुंह बंद करके उसका दम घोंट दिया। हत्या को छिपाने के लिए आरोपियों ने परिवार वालों और अन्य लोगों को बताया कि बाथरूम जाते समय वह फिसल कर गिर गया था, जिसके बाद उसे हार्ट अटैक आ गया।
पहले आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने 6 नवंबर को डोड्डाथोगुरु स्थित घर से मृतक की पत्नी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने भी इस अपराध में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। पुलिस ने बताया कि इसके बाद यूडीआर मामले को हत्या के मामले में बदल दिया गया।
दोनों आरोपियों को 6 नवंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है। यह ऑपरेशन इलेक्ट्रॉनिक सिटी डिवीजन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एम. नारायण और सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) केएम सतीश के मार्गदर्शन में चलाया गया। इस मामले का खुलासा इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर अजरुद्दीन के नेतृत्व वाली एक टीम ने किया।
एक अन्य मामले में केंगेरी पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने बेंगलुरु में एक मंदिर के सामने सो रही 65 वर्षीय महिला की हत्या कर दी और उसके पास से नकदी व गहने लूट लिए।
मृतक महिला की पहचान नारायणम्मा के रूप में हुई है। 3 नवंबर को कोनासांद्रा के वृषभावती नगर लेआउट स्थित पातालदम्मा मंदिर के सामने उनका शव मिला था।
पुलिस ने बताया कि पारिवारिक समस्याओं के कारण नारायणम्मा अपना घर छोड़ चुकी थीं और कई दिनों से रात में मंदिर के बाहर सो रही थीं। एक स्थानीय निवासी ने उनका शव देखा और उनके बेटे को सूचना दी, जिसने उनकी पहचान की। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआत में 'अप्राकृतिक मौत' (अननेचुरल डेथ) का मामला दर्ज किया था।
हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान मिली जानकारी से पता चला कि नारायणम्मा की हत्या की गई थी और उनसे लूटपाट हुई थी। इसके बाद 5 नवंबर को हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने 6 नवंबर को वृषभावती नगर लेआउट से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को अपनी आदतों को पूरा करने के लिए पैसों की तंगी थी। उसने देखा कि नारायणम्मा अकेली सो रही हैं तो उन्हें अपना निशाना बनाया। आरोप है कि उसने महिला का मुंह बंद किया, उनके साथ मारपीट की, नकदी और सोने की अंगूठी लूटी और फिर वहां से भाग गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी गिरिनगर और कॉटनपेट पुलिस स्टेशनों में दर्ज एनडीपीएस (नशीले पदार्थों से जुड़े) और लूटपाट के मामलों में शामिल रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी
