Aapka Rajasthan

तमिलनाडुः पश्चिमी घाट के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना

चेन्नई, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान लगाया है कि 24 जुलाई तक तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों में मध्यम बारिश होगी। वहीं, राज्य के अधिकतर हिस्सों में आने वाले दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
 

चेन्नई, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अनुमान लगाया है कि 24 जुलाई तक तमिलनाडु के पश्चिमी घाट वाले जिलों में मध्यम बारिश होगी। वहीं, राज्य के अधिकतर हिस्सों में आने वाले दिनों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान के अनुसार, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण तमिलनाडु के आसपास के इलाकों में बन रहे एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन (वायुमंडलीय परिसंचरण) का असर मौजूदा मौसम पर पड़ रहा है।

इस सिस्टम से पश्चिमी घाट में नमी बढ़ने की उम्मीद है, जिससे 24 जुलाई तक पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के लिए अनुकूल हालात बनेंगे।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बारिश से पश्चिमी घाट के उन जिलों को राहत मिल सकती है, जहां हाल के हफ्तों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखा गया है। हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में बड़े पैमाने पर भारी बारिश की उम्मीद नहीं है।

पश्चिमी घाट इलाके के अलावा, अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

पुडुचेरी और कराईकल में भी मौसम के ऐसे ही हालात रहने की संभावना है, जहां कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है।

राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन कई अंदरूनी जिलों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा है कि तमिलनाडु के तटीय इलाकों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में भी 22 जुलाई तक अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। इसके विपरीत, कई अंदरूनी जिलों में दिन का तापमान मौसम के औसत से 3 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा सकता है।

दोपहर के समय गर्मी और उमस बनी रहने की संभावना है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ज्यादा देर तक सीधी धूप में न रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

चेन्नई के लिए मौसम का अनुमान है कि आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और दिन के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मुख्य रूप से दोपहर या शाम के समय कहीं-कहीं बारिश होने की उम्मीद है, हालांकि अलग-अलग इलाकों में बारिश कम या ज्यादा हो सकती है।

शहर में अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है और उमस के कारण गर्मी अधिक महसूस हो सकती है।

मौसम विभाग ने पश्चिमी घाट के जिलों में रहने वालों को सलाह दी है कि वे मौसम की जानकारी पर नजर रखें, क्योंकि आने वाले दिनों में स्थानीय मौसम के हालात के आधार पर बारिश की स्थिति बदल सकती है।

--आईएएनएस

ओपी/डीकेपी