ब्रातिस्लावा में स्वागत सच में खास था, भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह के लिए आभारी हूं: पीएम मोदी
ब्रातिस्लावा, 15 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को स्लोवाकिया की राजधानी ब्रातिस्लावा में मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार जताया। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय की ओर से किए गए स्वागत को बेहद खास बताया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “कल शाम ब्रातिस्लावा में हुआ स्वागत सच में खास था। मैं भारतीय समुदाय के लोगों के प्यार और स्नेह के लिए उनका शुक्रगुजार हूं। ऐसे संकेत हमारे लोगों को जोड़ने वाले अटूट संबंधों को दिखाते हैं और भारत-स्लोवाकिया की दोस्ती को मजबूत करते हैं।”
प्रधानमंत्री का स्वागत स्लोवाकिया के पारंपरिक तरीके रोटी और नमक से किया गया। पीएम मोदी ने स्लोवाक के इस पारंपरिक तरीके पर भी जोर दिया। इसे लेकर पीएम मोदी ने कहा, "ब्रातिस्लावा में स्वागत में पारंपरिक रूप से रोटी और नमक दिया गया, जो स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सद्भावना और दोस्ती के मूल्यों की एक सुंदर झलक है।"
अपने दौरे पर पीएम मोदी ने स्लोवाकिया के मायजावा इलाके के लोक कलाकारों के समूह कोपनिसियारिक की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी देखी। प्रस्तुती की सराहना करते हुए, उन्होंने पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को बचाकर रखने की अहमियत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने कहा, "स्लोवाकिया के मायजावा इलाके के कोपनिसियारिक की शानदार प्रस्तुति देखी। इस तरह की लोक परंपराएं किसी की संस्कृति और इतिहास को बचाए रखने में मदद करती हैं।"
पीएम मोदी ने फ्रांस के नीस शहर के दौरे की झलकियां भी साझा कीं और कहा, "ये हैं नीस की खास बातें, मेरी फ्रांस यात्रा की शानदार शुरुआत। भारत-फ्रांस की दोस्ती और मजबूत होती रहे।"
प्रधानमंत्री मोदी का भारतीय समुदाय ने ग्रैंड होटल रिवर पार्क में भव्य स्वागत किया। स्लोवाकिया की पारंपरिक रोटी और नमक भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान "मोदी-मोदी" और "भारत माता की जय" के नारे भी गूंजे।
पीएम मोदी की यात्रा पर स्लोवाक संगीत एवं आध्यात्मिक समूह 'महादेवा कीर्तन प्रोजेक्ट' के संस्थापक तथा ड्रमर मारेक जिलिनेक ने कहा, "हमारे बैंड को महादेवा कीर्तन प्रोजेक्ट कहा जाता है। मैं गायक नहीं, बल्कि ड्रमर हूं। यह हमारे लिए बड़े सम्मान की बात है। हम स्लोवाकिया स्थित भारतीय दूतावास के आभारी हैं, जिसने हमें प्रधानमंत्री के स्वागत में प्रस्तुति देने का अवसर दिया।"
भारतीय समुदाय के सदस्य राजेंद्र प्रसाद ने कहा, "ब्रातिस्लावा में पीएम मोदी से मिलकर बहुत खुशी हुई। मेरी आंखें नम थीं और दिल गर्व से भरा हुआ था। मुझे उन्हें व्यक्तिगत रूप से देखने और उनसे मिलने का अवसर मिला। मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं।"
एक अन्य सदस्य नितिन पटेल ने कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि भारत के प्रधानमंत्री से इतने करीब से मिलने और हाथ मिलाने का अवसर मिलेगा। मुझे उनका कार्य करने का तरीका बहुत पसंद आया। मैं उनके स्वभाव और समर्पण से बेहद प्रभावित हूं।"
भारतीय समुदाय के सदस्य चिराग ने कहा, "यह जानकर अच्छा लगा कि भारत के प्रधानमंत्री पहली बार यहां आए हैं। उनसे मिलकर खुशी हुई। हमें उम्मीद है कि यहां रहने वाले भारतीयों की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठेंगे।"
--आईएएनएस
केके/एएस
