Aapka Rajasthan

स्पेन में आम चुनाव के लिए मतदान शुरू, 3.86 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे वोट

मैड्रिड, 29 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन में रविवार सुबह 9 बजे (स्थानीय समय) आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। इस चुनाव में 3.86 करोड़ से अधिक लोग संसद के निचले सदन 'कांग्रेस ऑफ डेप्युटीज' के सभी 350 सदस्यों और सीनेट के 209 सदस्यों को चुनने के लिए वोट डालेंगे।
 

मैड्रिड, 29 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन में रविवार सुबह 9 बजे (स्थानीय समय) आम चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। इस चुनाव में 3.86 करोड़ से अधिक लोग संसद के निचले सदन 'कांग्रेस ऑफ डेप्युटीज' के सभी 350 सदस्यों और सीनेट के 209 सदस्यों को चुनने के लिए वोट डालेंगे।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज ने अक्टूबर में समय से पहले चुनाव कराने का फैसला किया था। यह फैसला तब लिया गया जब संसद के निचले सदन ने उनकी सरकार की आवास (हाउसिंग) से जुड़ी नीतियों को खारिज कर दिया। सांचेज की स्पेनिश सोशलिस्ट वर्कर्स पार्टी को कंजर्वेटिव पीपुल्स पार्टी (पीपी) से कड़ी चुनौती मिल रही है। पीपी ने दूर-दराज दक्षिणपंथी पार्टी वॉक्स और कैटलन पार्टी जुन्त्स के साथ मिलकर सरकार के प्रस्तावों के खिलाफ वोट दिया था।

गृह मंत्रालय के अनुसार, पूरे देश में 22,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान रात 8 बजे (स्थानीय समय) तक चलेगा। समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती नतीजे रात 9 बजे के बाद आने की उम्मीद है, जब कैनरी द्वीप समूह में भी मतदान समाप्त हो जाएगा। कैनरी द्वीप मुख्य भूमि स्पेन से एक घंटा पीछे है।

नई संसद का पहला सत्र 23 दिसंबर को होने वाला है। इसके बाद राजा फेलिपे छठे विभिन्न दलों के नेताओं से बातचीत कर प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का नाम तय करेंगे। पहले विश्वास मत (कॉन्फिडेंस वोट) में उम्मीदवार को निचले सदन में कम से कम 176 वोटों की जरूरत होगी। अगर वह सफल नहीं होता, तो 48 घंटे बाद दूसरा मतदान होगा, जिसमें साधारण बहुमत हासिल करना काफी होगा।

इस बीच, 10 नवंबर को पीपुल्स पार्टी (पीपी) ने आम चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया था। इसमें सख्त आव्रजन (इमिग्रेशन) नियंत्रण, आवास नीति में बदलाव और बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाने का वादा किया गया है। पीपी के नेता अल्बर्टो नुनेज फीजो ने इन प्रस्तावों को 'राष्ट्रीय पुनर्निर्माण' की योजना बताया। उन्होंने सरकारी कामकाज में सुधार और जवाबदेही बढ़ाने का वादा किया।

आव्रजन के मुद्दे पर फेइजो ने अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को बड़े पैमाने पर नियमित कानूनी दर्जा देने की नीति पर रोक लगाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध रूप से सीमा पार करते हैं, उनकी पहचान सात दिनों के भीतर सुनिश्चित की जाएगी और नए यूरोपीय नियमों के तहत उन्हें जल्द वापस भेजा जाएगा।

घोषणापत्र में मौजूदा हाउसिंग कानून को समाप्त करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, फेइजो ने अगले 15 वर्षों में 300 अरब यूरो (करीब 335 अरब अमेरिकी डॉलर) के बुनियादी ढांचा निवेश की योजना पेश की है। इसमें नए प्रोजेक्ट्स की बजाय मौजूदा ढांचे के रखरखाव और आधुनिकीकरण पर ज्यादा जोर दिया गया है।

उन्होंने वादा किया कि पेंशन हर साल महंगाई दर (सीपीआई) के हिसाब से बढ़ाई जाएगी और सार्वजनिक पेंशन व्यवस्था को सुरक्षित रखा जाएगा। साथ ही, न्यूनतम आय सहायता और दूसरी सरकारी मदद योजनाओं को मिलाकर एक ही योजना बनाई जाएगी, जिससे लोगों को नौकरी पाने में मदद मिले और काम शुरू करने के बाद भी कुछ समय तक सहायता मिलती रहे।

फेइजो ने कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है, तो सरकार बनने के पहले 100 दिनों के भीतर सार्वजनिक खर्च की जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी प्रस्ताव रखा कि हर साल राष्ट्रीय बजट पेश करना अनिवार्य हो। अगर लगातार दो बार पुराना बजट ही लागू रखना पड़े, तो नए आम चुनाव कराए जाएं।

--आईएएनएस

एवाई/पीएम