तमिलनाडु : एक्टर-प्रोड्यूसर विशाल ने मुख्यमंत्री विजय को बताया 'डार्लिंग' सीएम, कॉलेज के दिनों को किया याद
चेन्नई, 16 जून (आईएएनएस)। एक्टर और प्रोड्यूसर विशाल ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को 'डार्लिंग' सीएम कहकर संबोधित करते हुए एक पोस्ट लिखा है। इसमें उन्होंने बताया है कि वे विजय को कॉलेज के समय से जानते हैं और तब से ही उन्हें 'डार्लिंग' कहकर बुलाते आ रहे हैं।
विशाल ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के साथ अपनी हालिया मुलाकात के बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि वे मुख्यमंत्री को तब से जानते हैं जब वे दोनों लोयोला कॉलेज में छात्र थे। विशाल ने लिखा, "प्यारे मुख्यमंत्री विजय 'डार्लिंग' (प्यारे) शब्द नहीं बदला है, जिसका इस्तेमाल मैं आपको बुलाने के लिए इतने सालों से करता आ रहा हूं, क्योंकि मैं आपको लोयोला कॉलेज के समय से जानता हूं।"
उन्होंने आगे कहा, "यह सब तब शुरू हुआ जब मैं आपको एक उभरते हुए स्टार के तौर पर जानता था और फिर मैंने आपको तमाम मुश्किलों और आलोचनाओं का सामना करते हुए और उन्हें अपनी खामोशी और कामयाबी से दरकिनार करते हुए सुपरस्टार बनते देखा। इसके बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने का सफर तय करते देखा।"
विशाल ने कहा कि विजय आज भी उतने ही मिलनसार इंसान हैं, जितने वे कई साल पहले हुआ करते थे।
विशाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आज आपकी पोस्टिंग और पद बदल गए हैं, लेकिन आप वही इंसान हैं। आपसे मिलकर और वही अपनापन महसूस करके बहुत खुशी हुई। मेरे अंदर का फैन हमेशा बना रहेगा।"
विशाल ने कहा, "भगवान आपका (विजय) भला करे और अनिवार्य गुलदस्ता और शॉल न लेने के मेरे सुझाव को मानने के लिए आपका धन्यवाद।"
उन्होंने आगे बताया कि इसके बजाय उन्होंने उस पैसे का इस्तेमाल तमिलनाडु में तीन जरूरतमंद और गरीब लड़कियों की शिक्षा के लिए किया है।
विशाल ने विजय को अपनी पोस्ट में बताया, "उन्हें आप पर गर्व होगा और वे आपको हमेशा याद रखेंगी।"
एक्टर ने अपनी पोस्ट का समापन करते हुए कहा, "एक बार फिर से मेरा बहुत-बहुत धन्यवाद। सीएम सर, आपको शुभकामनाएं। आपके कार्यकाल में केवल सकारात्मकता और तरक्की हो और तमिलनाडु के लिए बेहतरीन चीजें हों, यही कामना करता हूं।"
--आईएएनएस
ओपी/एएस
