'व्हाइट' में श्रीश्री रविशंकर के किरदार में दिखेंगे विक्रांत मैसी, निर्माता बोले- 'दुनियाभर के दर्शकों को करेंगे प्रभावित'
मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। '12वीं फेल' जैसी फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने वाले अभिनेता विक्रांत मैसी अब बिल्कुल अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आने वाले हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'व्हाइट' में वह वैश्विक आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को लेकर निर्माता महावीर जैन ने बड़ा दावा किया है कि विक्रांत का यह अभिनय दुनियाभर के दर्शकों को प्रभावित करेगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर निर्माता महावीर जैन ने फिल्म को लेकर अपनी बात साझा की। उन्होंने कहा, ''आज पूरी दुनिया युद्ध, हिंसा और लगातार बढ़ते संघर्षों से जूझ रही है। ऐसे समय में 'व्हाइट' जैसी फिल्म लोगों के सामने शांति और समाधान का संदेश लेकर आ रही है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भारत की आध्यात्मिक सोच और जीवन मूल्यों को दुनिया तक पहुंचाने का एक माध्यम है। यह भारत की ओर से पूरी दुनिया के लिए एक अनमोल उपहार साबित हो सकती है।''
महावीर जैन ने विक्रांत मैसी के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा, ''अभिनेता ने इस फिल्म में खुद को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। श्री श्री रविशंकर जैसे सम्मानित आध्यात्मिक गुरु का किरदार निभाना आसान नहीं था, लेकिन विक्रांत ने इसे पूरी ईमानदारी और गहराई के साथ निभाया। हमें विश्वास है कि फिल्म देखने के बाद दर्शक विक्रांत के अभिनय से प्रभावित हुए बिना नहीं रह पाएंगे।''
फिल्म 'व्हाइट' की कहानी राजनीति, इंसानी भावनाओं और थ्रिल से भरपूर है। इसकी सबसे खास बात यह है कि यह एक सच्ची घटना से प्रेरित है। कहानी कोलंबिया में कई दशकों तक चले उस भीषण आंतरिक संघर्ष पर आधारित है, जिसने हजारों लोगों की जान ली और पूरे देश को लंबे समय तक हिंसा की आग में झोंक दिया। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे भारत की प्राचीन आध्यात्मिक सोच और ज्ञान के माध्यम से इस संघर्ष को खत्म करने की दिशा में प्रयास किए गए।
फिल्म में तकनीकी स्तर पर भी अंतरराष्ट्रीय टीम काम कर रही है। मशहूर वेब सीरीज 'नारकोस' से पहचान बनाने वाले सिनेमैटोग्राफर जुआन कार्लोस गिल ने इसकी सिनेमैटोग्राफी संभाली है। वहीं मैक्सिको के अभिनेता दारियो यासबेक बर्नाल और पनामा के अभिनेता जेमी न्यूबॉल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन विज्ञापन फिल्मों की दुनिया के जाने-माने निर्देशक मोंटू बस्सी ने किया है। इसके निर्माता महावीर जैन, सिद्धार्थ आनंद और पीसक्राफ्ट पिक्चर्स हैं।
--आईएएनएस
पीके/पीएम
