Aapka Rajasthan

तमिलनाडु के तिरुचि पूर्व में विजय करेंगे प्रचार, अधिकारियों से मिली सशर्त मंजूरी

चेन्नई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवेके) के अध्यक्ष अभिनेता-राजनेता सी. जोसेफ विजय ने प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। विजय चेन्नई के पेराम्बुर और तिरुचि पूर्व सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।
 
तमिलनाडु के तिरुचि पूर्व में विजय करेंगे प्रचार, अधिकारियों से मिली सशर्त मंजूरी

चेन्नई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलगा वेट्री कझगम (टीवेके) के अध्यक्ष अभिनेता-राजनेता सी. जोसेफ विजय ने प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों के साथ अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। विजय चेन्नई के पेराम्बुर और तिरुचि पूर्व सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

पेरम्बूर विधानसभा क्षेत्र में घर-घर जाकर जोरदार प्रचार करने के एक दिन बाद विजय रविवार शाम को तिरुचि ईस्ट में प्रचार करेंगे। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वे दोपहर 2 बजे चेन्नई से एक निजी विमान से रवाना होंगे और उसके कुछ ही देर बाद तिरुचि पहुंच जाएंगे। तिरुचि ईस्ट में प्रचार अभियान दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे के बीच चलेगा, जिसमें इस विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख इलाके शामिल होंगे।

विजय अपने प्रचार अभियान की शुरुआत एयरपोर्ट के पास रोड से करेंगे, जिसके बाद वे थेन्द्रल नगर, केके नगर बस स्टैंड, काजामलाई रोड, ईवीआर कॉलेज रोड, तमिलनाडु होटल जंक्शन, कोझिपन्नई रोड और कोट्टापट्टू से होते हुए एक रोड शो करेंगे।

एक खुली गाड़ी से जनता को संबोधित करते हुए विजय आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगेंगे। प्रचार का कार्यक्रम पूरा करने के बाद विजय शाम 7 बजे तक तिरुचि एयरपोर्ट लौट आएंगे।

अधिकारियों ने चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की शर्त पर इस अभियान की अनुमति दे दी है। विजय की टीम द्वारा चुनाव आयोग और पुलिस से मंजूरी मिलने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने हरी झंडी दे दी है। हालांकि अधिकारियों ने 'आचार संहिता' का पालन सुनिश्चित करने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ शर्तें भी लगाई हैं।

जिसके तहत राजनीतिक झंडे इस तरह से नहीं लगाए जाने चाहिए, जिससे यातायात में बाधा उत्पन्न हो। अभियान के दौरान चुनाव आचार संहिता के किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। अभियान स्थलों पर बिना अनुमति वाले पोस्टर, बैनर या पार्टी के झंडे लगाना पूरी तरह से प्रतिबंधित है। इसके अलावा, किसी भी तरह की खतरनाक या विस्फोटक सामग्री का उपयोग या उसे रखना भी स्पष्ट रूप से प्रतिबंधित किया गया है।

अधिकारियों ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि अभियान को केवल निर्धारित समय-सीमा के भीतर और तय स्थानों पर ही आयोजित किया जाना चाहिए

मतदान से पहले ज़ोरदार चुनावी अभियान अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। ऐसे में विजय की 'दो-निर्वाचन क्षेत्र' वाली रणनीति पर सभी की पैनी नजर है, क्योंकि टीवीके तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य में अपनी स्थिति को और मजबूत करने का प्रयास कर रहा है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस