Aapka Rajasthan

परिसीमन विधेयक के समर्थन पर वनथी श्रीनिवासन ने डीएमके को धन्यवाद दिया, कांग्रेस के विश्वासघात के आरोप पर उठाए सवाल

कोयंबटूर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा की वरिष्ठ नेता वनथी श्रीनिवासन ने रविवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के फैसले पर डीएमके को धन्यवाद दिया। उन्होंने कांग्रेस के विश्वासघात के आरोप पर सवाल उठाते हुए कहा कि तमिलनाडु में डीएमके कार्यकर्ताओं की मदद से चुनाव जीतने वाली कांग्रेस अब अपने पूर्व सहयोगी पर इस तरह का आरोप कैसे लगा सकती है।
 

कोयंबटूर, 29 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा की वरिष्ठ नेता वनथी श्रीनिवासन ने रविवार को परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के फैसले पर डीएमके को धन्यवाद दिया। उन्होंने कांग्रेस के विश्वासघात के आरोप पर सवाल उठाते हुए कहा कि तमिलनाडु में डीएमके कार्यकर्ताओं की मदद से चुनाव जीतने वाली कांग्रेस अब अपने पूर्व सहयोगी पर इस तरह का आरोप कैसे लगा सकती है।

सोमवार से संसद के विशेष सत्र से पहले कोयंबटूर में पत्रकारों से बातचीत में श्रीनिवासन ने कहा कि डीएमके ने परिसीमन के समर्थन के लिए दक्षिणी राज्यों की लोकसभा सीटों की संख्या सुरक्षित रखने की शर्त रखी थी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस चिंता को दूर करने के लिए कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का किसी भी राज्य को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं है और परिसीमन के दौरान संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन इस तरह नहीं किया जाएगा कि किसी राज्य को नुकसान हो। वनथी श्रीनिवासन ने तमिलनाडु के साथ अन्याय होने के आरोपों को खारिज करते हुए पुराने विधेयक का विरोध करने के बाद संशोधित प्रस्ताव का समर्थन करने के डीएमके के फैसले का स्वागत किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में कांग्रेस के उम्मीदवारों को डीएमके के संगठन, कार्यकर्ताओं के प्रचार अभियान और आर्थिक सहयोग का लाभ मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने अपने चुनावी सहयोगी डीएमके से नाता तोड़कर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) सरकार में शामिल होकर डीएमके के साथ विश्वासघात किया।

उन्होंने सवाल किया, "जिन लोगों ने डीएमके के साथ विश्वासघात किया, उनके पास यह कहने का क्या औचित्य है कि डीएमके ने उनसे विश्वासघात किया?" श्रीनिवासन ने तमिलनाडु में कांग्रेस की चुनावी ताकत पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता जानते हैं कि पार्टी का प्रभाव कितना है और उसे कितना वोट मिलता है। उन्होंने आरोप लगाने वाले कांग्रेस नेताओं से डीएमके कार्यकर्ताओं के योगदान को स्वीकार करने की अपील की।

वनथी श्रीनिवासन ने तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। मदुरै के तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद पर उन्होंने पूर्व डीएमके सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मौजूदा प्रशासन ने भी इसी तरह का रुख अपनाया था, जबकि दीपम सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद जलाया गया।

परिसीमन विधेयक पर लौटते हुए श्रीनिवासन ने संसद में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का मुद्दा उठाया और प्रस्ताव का समर्थन करने वाले नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा, "देश की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी आधी है। परिसीमन का समर्थन करने के लिए मैं डीएमके और इस मुद्दे पर समर्थन जताने वाले सभी लोगों का धन्यवाद करती हूं।"

--आईएएनएस

डीएससी