Aapka Rajasthan

अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस और उनकी पत्नी चौथी बार बने माता-पिता, उषा ने बेटे को दिया जन्म

वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस ने अपने चौथे बच्चे के जन्म की घोषणा की है। इसके साथ ही जेडी वेंस पिछले 150 से अधिक वर्षों में पद पर रहते हुए संतान का स्वागत करने वाले पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति बन गए हैं।
 

वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस ने अपने चौथे बच्चे के जन्म की घोषणा की है। इसके साथ ही जेडी वेंस पिछले 150 से अधिक वर्षों में पद पर रहते हुए संतान का स्वागत करने वाले पहले अमेरिकी उपराष्ट्रपति बन गए हैं।

दंपति ने अपने बेटे का नाम एलेक नील वेंस रखा है। उसका जन्म रविवार सुबह (स्थानीय समय) मैरीलैंड के बेथेस्डा स्थित वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुआ।

जेडी वेंस और उषा वेंस ने संयुक्त बयान में कहा, "हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि आज सुबह हमारे बेटे एलेक नील वेंस का जन्म हुआ है। उषा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और हमारे अन्य बच्चे अपने छोटे भाई से मिलने को लेकर बेहद उत्साहित हैं।"

अमेरिकी उपराष्ट्रपति की आधिकारिक मुहर वाले इस बयान पर जेडी वेंस और उषा वेंस दोनों के हस्ताक्षर हैं।

दंपति ने उषा वेंस और नवजात की देखभाल करने वाली मेडिकल टीम का भी आभार व्यक्त किया और कहा, “वाल्टर रीड मेडिकल सेंटर और व्हाइट हाउस मेडिकल यूनिट के शानदार मिलिट्री डॉक्टर और स्टाफ मेंबर हमारे लिए एक आशीर्वाद रहे हैं। उन्होंने हमारे परिवार के लिए जो कुछ भी किया है, उसके लिए हम बहुत शुक्रगुजार हैं।”

एलेक दंपत्ति का चौथा बच्चा और तीसरा बेटा है। वेंस के पहले से ही दो बेटे हैं, इवान (9) और विवेक (6), और उनकी एक बेटी मिराबेल (4) है। उन्होंने अपने बच्चों को ज्यादातर लोगों की नजरों से दूर रखा है।

मिराबेल का जन्म दिसंबर 2021 में हुआ था। इस दौरान जेडी वेंस ओहियो से अमेरिकी सीनेट सीट के लिए कैंपेन कर रहे थे। दंपत्ति ने जनवरी 2026 में ऐलान किया था कि उषा एक और बेटे को जन्म देने वाली हैं।

इस बच्चे के जन्म के साथ ही अमेरिकी राजनीतिक इतिहास में एक दुर्लभ रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है। इससे पहले, पद पर रहते हुए संतान सुख प्राप्त करने वाले अंतिम अमेरिकी उपराष्ट्रपति शायलर कोलफैक्स थे। उनके पुत्र शायलर कोलफैक्स तृतीय का जन्म वर्ष 1870 में हुआ था।

कोलफैक्स से पहले उपराष्ट्रपति जॉन सी. कैलहून ने 1829 में अपने बेटे विलियम का स्वागत किया था।

41 वर्षीय जेडी वेंस अमेरिका के इतिहास में शपथ लेने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के उपराष्ट्रपति हैं। रिपब्लिकन नेता वेंस, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की सबसे प्रमुख हस्तियों में से एक बनकर उभरे हैं।

उषा वेंस ने इससे पहले सार्वजनिक रूप से इस सवाल पर भी बात की थी कि क्या वह और जेडी वेंस अपने परिवार को आगे बढ़ाने के बारे में सोच रहे हैं। पिछले साल एक इंटरव्यू में इस संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा था, "कभी भी 'कभी नहीं' मत कहिए।"

उषा बाला चिलुकुरी के रूप में जन्मी अमेरिका की सेकंड लेडी भारतीय मूल की हैं। उनके माता-पिता भारत से अमेरिका जाकर बसे थे और उनका पालन-पोषण कैलिफोर्निया में हुआ। उनके परिवार की जड़ें आंध्र प्रदेश से जुड़ी हैं, इसलिए उनके बेटे एलेक नील वेंस के जन्म को भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लिए भी विशेष महत्व के रूप में देखा जा रहा है।

उषा और जेडी वेंस की मुलाकात येल लॉ स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों ने 2014 में शादी की थी।

--आईएएनएस

केके/एएस