Aapka Rajasthan

अमेरिका में 'एनवीडिया' से जुड़े कदम को लेकर सांसदों ने ट्रंप के हस्तक्षेप पर उठाए सवाल

वाशिंगटन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट के वरिष्ठ सांसदों ने एनवीडिया और उसके सीईओ जेनसन हुआंग को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जेनसन हुआंग को एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी पद पर बनाए रखने के लिए किए गए हस्तक्षेप को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम बताया है।
 

वाशिंगटन, 29 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका में रिपब्लिकन और डेमोक्रेट के वरिष्ठ सांसदों ने एनवीडिया और उसके सीईओ जेनसन हुआंग को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से जेनसन हुआंग को एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी पद पर बनाए रखने के लिए किए गए हस्तक्षेप को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम बताया है।

वहीं डेमोक्रेट सांसद जिम हाइम्स ने वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक से उन्नत एआई चिप्स के निर्यात को लेकर जवाब मांगा है।

यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब जेनसन हुआंग इस सप्ताह अमेरिकी सांसदों के सामने पेश होने वाले हैं। आरोप हैं कि अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) चिप्स बिचौलियों के जरिए चीन तक पहुंच गए हैं।

हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के सदस्य और टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद माइकल मैककॉल ने एबीसी न्यूज के कार्यक्रम 'दिस वीक' में कहा कि वह अर्थव्यवस्था, शेयर बाजार और एआई उद्योग में जेनसन हुआंग की अहमियत को समझते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं समझ सकता हूं कि राष्ट्रपति ने ऐसा क्यों किया होगा, लेकिन मेरे हिसाब से यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए जोखिम भरा कदम था।"

दूसरी ओर नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल के निदेशक केविन हैसेट ने प्रशासन का बचाव किया। उन्होंने सीएनएन के 'स्टेट ऑफ द यूनियन' कार्यक्रम में कहा कि ट्रंप ने सिर्फ यह सुनिश्चित किया कि एनवीडिया के निदेशकों को स्थिति का सही आकलन करने के लिए जरूरी जानकारी मिल सके।

हैसेट ने कहा, "आखिर में फैसला कंपनी के निजी बोर्ड ने ही लिया था।" जब उनसे पूछा गया कि क्या बोर्ड के सदस्यों के साथ गोपनीय या वर्गीकृत जानकारी साझा की गई थी, तो उन्होंने कहा कि वह उस प्रक्रिया का हिस्सा नहीं थे और इस बारे में जानकारी नहीं रखते।

जेनसन हुआंग 1 दिसंबर को बंद कमरे में होने वाली बैठक में हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी, इंटेलिजेंस कमेटी और चीनी कम्युनिस्ट पार्टी पर चयन समिति के नेताओं से मुलाकात करेंगे।

इसके अलावा 3 दिसंबर को अमेरिकी सीनेट बैंकिंग कमेटी की सार्वजनिक सुनवाई में भी उन्हें गवाह के तौर पर बुलाया गया है। इस सुनवाई का विषय अमेरिकी निर्यात नियंत्रण नीतियां होंगी।

मैककॉल ने कहा कि मेगास्पीड के जरिए एनवीडिया चिप्स के गलत हाथों में पहुंचने के मामले ने निर्यात लाइसेंस प्रणाली और कंपनियों की ग्राहक पहचान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि उन्नत एआई तकनीक का इस्तेमाल सैन्य उद्देश्यों के लिए भी हो सकता है। इसलिए निर्यात नियंत्रण से जुड़े फैसलों में सिर्फ वाणिज्य विभाग ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों की भी भूमिका होनी चाहिए।

उधर, कनेक्टिकट से डेमोक्रेट सांसद जिम हाइम्स ने कहा कि उन्हें लगता है कि एनवीडिया की कुछ सबसे उन्नत चिप्स पहले से ही चीन में एआई मॉडल को प्रशिक्षित करने के लिए इस्तेमाल की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं कि ये चिप्स भौतिक रूप से चीन में मौजूद हों। चीन के उपयोगकर्ता मलेशिया या सिंगापुर जैसे देशों में स्थित सर्वरों के जरिए भी इनका दूर से इस्तेमाल कर सकते हैं।

हाइम्स ने बताया कि हॉवर्ड लटनिक को सांसदों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाणिज्य सचिव एशिया में इन चिप्स की बिक्री को बढ़ावा देने की भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि यह रणनीति अमेरिका की उस घोषित नीति से कैसे मेल खाती है, जिसका उद्देश्य एआई क्षेत्र में अमेरिकी बढ़त को बनाए रखना है।

हैसेट ने प्रशासन की नीति का बचाव करते हुए कहा कि पुराने मॉडल की चिप्स के निर्यात की अनुमति दी गई है, जबकि सबसे आधुनिक चिप्स पर प्रतिबंध रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यदि यह साबित हो जाता है कि नवीनतम चिप्स अनधिकृत उपयोगकर्ताओं तक पहुंच गई हैं, तो निर्यात नियंत्रण को और सख्त करना पड़ेगा।

--आईएएनएस

एवाई/वीसी