Aapka Rajasthan

अमेरिका ने भारत से आने वाले कुछ एल्युमिनियम उत्पादों पर एंटी-डंपिंग ड्यूटी हटाई

वॉशिंगटन, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले कुछ खास एल्युमिनियम कैन स्टॉक पर लागू एंटी-डंपिंग और काउंटरवेलिंग ड्यूटी से जुड़ी पाबंदियों को आंशिक रूप से हटा दिया है।अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने बदले हुए हालात को लेकर की गई अपनी समीक्षा के अंतिम नतीजों की घोषणा की। यह फैसला 24 सितंबर से लागू माना जाएगा।
 

वॉशिंगटन, 28 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका ने भारत से आयात होने वाले कुछ खास एल्युमिनियम कैन स्टॉक पर लागू एंटी-डंपिंग और काउंटरवेलिंग ड्यूटी से जुड़ी पाबंदियों को आंशिक रूप से हटा दिया है।अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने बदले हुए हालात को लेकर की गई अपनी समीक्षा के अंतिम नतीजों की घोषणा की। यह फैसला 24 सितंबर से लागू माना जाएगा।

यह फैसला भारत के साथ-साथ कई दूसरे देशों से आने वाले उन एल्युमिनियम कैन स्टॉक पर लागू होगा, जो तय शर्तों को पूरा करते हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कॉमन अलॉय एल्युमिनियम शीट पर लगे सभी व्यापारिक शुल्क खत्म कर दिए गए हैं। व्यापक एंटी-डंपिंग और दूसरे व्यापारिक शुल्क अभी भी लागू रहेंगे।

वाणिज्य विभाग ने कहा कि यह आंशिक छूट उन एल्युमीनियम स्टॉक पर लागू होती है जो बेवरेज कैन, कैन के ढक्कन और कैन खोलने के लिए इस्तेमाल होने वाले टैब बनाने के लिए उपयुक्त हैं।

विभाग ने कहा कि कोई एल्युमिनियम उत्पाद इस छूट के लिए योग्य है या नहीं, यह तय करने के लिए उत्पाद का लिखित तकनीकी विवरण देखा जाएगा। अमेरिकी टैरिफ सिस्टम में उस सामान को किस कैटेगरी में रखा गया है, उससे यह तय नहीं होगा कि उसे छूट मिलेगी या नहीं।

यह फैसला भारत के अलावा बहरीन, ब्राजील, क्रोएशिया, मिस्र, जर्मनी, इंडोनेशिया, इटली, ओमान, रोमानिया, सर्बिया, स्लोवेनिया, दक्षिण अफ्रीका, स्पेन, ताइवान और तुर्किये से आने वाली एल्युमिनियम शीट से जुड़े मौजूदा आदेशों पर असर डालेगा।

फैसले का एक अलग हिस्सा चीन से आयात होने वाली एल्युमिनियम शीट पर पहले से लागू आदेशों से भी जुड़ा है।

अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने यह समीक्षा तब शुरू की, जब अमेरिका की एल्युमिनियम इंडस्ट्री के कुछ सदस्यों ने कैन बनाने में इस्तेमाल होने वाले एल्युमिनियम स्टॉक को मिलने वाली छूट के नियम साफ करने की मांग की।

अमेरिकी एल्युमिनियम इंडस्ट्री ने विभाग से कहा कि तय शर्तों को पूरा करने वाले एल्युमिनियम कैन स्टॉक को हमेशा से इन व्यापारिक शुल्कों के दायरे से बाहर रखने का इरादा था, चाहे उसे टैरिफ सिस्टम में किसी भी कैटेगरी में रखा गया हो।

इसके बाद अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने नियमों की भाषा में बदलाव किया और तय शर्तों वाले कैन स्टॉक को औपचारिक रूप से एंटी-डंपिंग और काउंटरवेलिंग ड्यूटी के दायरे से बाहर कर दिया।

यह राहत सिर्फ आगे होने वाले आयात पर ही लागू नहीं होगी। यह पुराने उन योग्य आयात पर भी लागू होगी, जिन पर अमेरिकी कस्टम अधिकारियों ने अभी अंतिम रूप से शुल्क तय नहीं किया है।

वाणिज्य विभाग के मुताबिक, आंशिक छूट उस तारीख से लागू होगी, जब इन सामानों की अंतिम कस्टम प्रक्रिया को रोकना शुरू किया गया था।

अमेरिकी कस्टम और बॉर्डर प्रोटेक्शन को निर्देश दिया जाएगा कि योग्य सामान पर लगी यह रोक खत्म की जाए और प्रभावित आदेशों के तहत लगने वाली ड्यूटी के बिना उनकी प्रक्रिया पूरी की जाए।

भारत एल्युमिनियम उत्पादों का एक बड़ा उत्पादक और निर्यातक है। इनमें फ्लैट-रोल्ड एल्युमिनियम भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल पैकेजिंग, परिवहन और मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री में किया जाता है।

अमेरिकी बाजार में भारतीय एल्युमिनियम उत्पादों की पहुंच पर अलग-अलग उत्पादों के खिलाफ चलने वाली एंटी-डंपिंग और दूसरी ट्रेड-रिमेडी जांचों के साथ-साथ अमेरिका की मेटल आयात से जुड़ी व्यापक व्यापार नीतियों का भी असर पड़ता है।

--आईएएनएस

एवाई/एएस