Aapka Rajasthan

चुनाव आयोग का फैसला, आगरा शिक्षक एमएलसी सीट के तीन बूथों पर दोबारा मतदान

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने शनिवार को आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान का आदेश दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय एक दिन पहले मतदान के दौरान कथित अनियमितताओं की खबरों के मद्देनजर लिया गया है।
 

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने शनिवार को आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तीन मतदान केंद्रों पर 26 अक्टूबर को पुनर्मतदान का आदेश दिया। एक अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय एक दिन पहले मतदान के दौरान कथित अनियमितताओं की खबरों के मद्देनजर लिया गया है।

ईसीआई द्वारा राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 20, 21 और 26 पर सोमवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक पुनर्मतदान होगा।

पुनर्मतदान का आदेश देते हुए ईसीआई ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल व्यक्ति, जिनके कारण अनियमितताएं/कमियां हुई हों और जिनसे मतदान दूषित हुआ हो, उन्हें उक्त पुनर्मतदान के दौरान नियुक्त न किया जाए।

चुनाव आयोग ने आगरा के संभागीय आयुक्त से रविवार तक उन कथित लापरवाहीयों पर रिपोर्ट मांगी है, जिनके कारण तीनों मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराना पड़ा।

आयोग ने कहा कि संभागीय आयुक्त उन सभी संबंधित व्यक्तियों (पुलिसकर्मी और मतदान अधिकारी शामिल) की जिम्मेदारी तय करेंगे, जिनके कारण तीनों मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान कराना पड़ा।

चुनाव आयोग (ईसीआई) के पत्र में राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त कार्यालय को निर्देश दिया गया है कि वे तीनों मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान के आदेश के बारे में सभी संबंधित पक्षों को सूचित करें।

ईसीआई के पत्र में कहा गया कि यह भी सुनिश्चित करें कि इस निर्णय का पूरे निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार हो। कृपया निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

ईसीआई ने कहा कि पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं की दाहिनी तर्जनी उंगली पर अमिट स्याही लगाई जाएगी।

आयोग ने मुख्य चुनाव आयुक्त को बताया कि आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद ही मतगणना शुरू करने के लिए नई अनुमति प्राप्त की जाएगी।

11 एमएलसी निर्वाचन क्षेत्रों (विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र) में शुक्रवार को मतदान हुआ। इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में थे।

उत्तर प्रदेश के एमएलसी चुनावों में लखनऊ मंडल के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 50.92 प्रतिशत और स्नातकों में 38.02 प्रतिशत मतदान हुआ। लखनऊ जिले में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता पंजीकृत थे, जबकि स्नातकों के निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 पंजीकृत मतदाता थे।

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में रायबरेली में सबसे अधिक 65.7 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

--आईएएनएस

एमएस/