Aapka Rajasthan

पश्चिम बंगाल: पूर्व तृणमूल पंचायत प्रमुख की मौत से पूर्वी मेदिनीपुर में सनसनी, दो गिरफ्तार

कोलकाता, 20 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व पंचायत प्रमुख बिजनबंधु बाग की मौत के बाद रविवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।
 

कोलकाता, 20 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के पटाशपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व पंचायत प्रमुख बिजनबंधु बाग की मौत के बाद रविवार को राजनीतिक माहौल गरमा गया। मामले में पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि तृणमूल कांग्रेस और भाजपा एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं।

पुलिस के अनुसार, बिजनबंधु बाग पटाशपुर विधानसभा क्षेत्र के पटाशपुर-दो ब्लॉक स्थित दक्षिणखंड ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान थे।

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि पिछले गुरुवार छह-सात लोग उनके घर पहुंचे, उनकी बाइक ले गए और उन्हें जबरन घर से उठाकर एक स्थानीय लकड़ी मिल में ले गए। पार्टी का दावा है कि वहां उन्हें कई दिनों तक बंधक बनाकर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और बिजनबंधु को घायल अवस्था में बरामद किया। पहले उन्हें एगरा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में कोलकाता के ईस्टर्न मेट्रोपॉलिटन बाइपास स्थित एक अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई।

तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना को राजनीतिक हत्या बताते हुए आरोप लगाया कि इसमें भाजपा समर्थित असामाजिक तत्व शामिल थे। पूर्व राज्य मंत्री और तृणमूल नेता अखिल गिरी ने दावा किया कि बिजनबंधु को कथित तौर पर "बाइक ब्रिगेड" ने उठाया, लकड़ी मिल में ले जाकर बेरहमी से पीटा और बाद में गंभीर हालत में पुलिस ने उन्हें बरामद किया। उन्होंने पैसे के लेन-देन से जुड़े विवाद की बात को खारिज करते हुए कहा कि यह पूरी तरह राजनीतिक घटना है।

वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से नकार दिया है। भाजपा के कांथी संगठनात्मक जिला अध्यक्ष सोमनाथ रॉय ने कहा कि इस घटना में उनकी पार्टी का कोई कार्यकर्ता शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लंबे समय से हिंसा के शिकार रहे हैं और यदि कोई दोषी है तो पुलिस कानून के अनुसार उसके खिलाफ कार्रवाई करे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बिजनबंधु बाग के शव का पोस्टमार्टम कोलकाता में किया जा रहा है और सोमवार को शव परिजनों को सौंपे जाने की संभावना है।

--आईएएनएस

डीएससी