Aapka Rajasthan

कुमारस्वामी ने सांस की बीमारी से जूझ रही छात्रा की मदद की, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराया

बेंगलुरु, 12 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री तथा जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही 14 साल की एक बच्ची की मदद की। उन्होंने अपने निजी खर्च से एक उच्च गुणवत्ता वाला पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदकर उसे उपलब्ध कराया।
 

बेंगलुरु, 12 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय भारी उद्योग और इस्पात मंत्री तथा जेडीएस नेता एच.डी. कुमारस्वामी ने सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही 14 साल की एक बच्ची की मदद की। उन्होंने अपने निजी खर्च से एक उच्च गुणवत्ता वाला पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदकर उसे उपलब्ध कराया।

कुमारस्वामी ने गुरुवार सुबह नव्य श्री नाम की बच्ची और उसके माता-पिता को बेंगलुरु के जे.पी. नगर स्थित अपने आवास पर बुलाया और खुद उसे ऑक्सीजन कंसंट्रेटर सौंपा।

राजलक्ष्मी और चंद्रू की बेटी नव्य श्री, रामनगर जिले के हारोहल्ली तालुक के मरालावाडी होबली स्थित सुंडाघट्टा गांव की रहने वाली है। वह 9वीं कक्षा की एक होनहार छात्रा है, लेकिन उसे सांस लेने में दिक्कत की समस्या है।

डॉक्टरों ने उसे अपनी सेहत को संभालने के लिए एक अच्छी क्वालिटी का ऑक्सीजन कंसंट्रेटर इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। हालांकि, उसके माता-पिता इतने महंगे उपकरण का खर्च उठाने में असमर्थ थे, इसलिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आर्थिक मदद मांगी।

30 अगस्त को, बच्ची के माता-पिता ने जे.पी. नगर स्थित कुमारस्वामी के आवास पर उनसे मुलाकात की और अपनी बेटी की मेडिकल स्थिति और आर्थिक परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने मंत्री से गुहार लगाई कि वे उनकी बेटी की सेहत की सुरक्षा के लिए जरूरी उपकरण दिलाने में मदद करें।

उनकी इस अपील पर तुरंत कार्रवाई करते हुए, कुमारस्वामी ने डॉक्टरों से बच्ची की सेहत के बारे में जानकारी ली और अपने निजी फंड से 2.50 लाख रुपए की कीमत वाला एक एडवांस पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदकर उपलब्ध कराया।

उपकरण सौंपते समय, मंत्री ने नव्य श्री के साथ कुछ समय बिताया और उसे डॉक्टरों द्वारा बताए गए इलाज का सख्ती से पालन करने की सलाह दी। उन्होंने उसके माता-पिता से भी कहा कि वे बच्ची की सेहत को लेकर कोई लापरवाही न बरतें और यह सुनिश्चित करें कि उसे समय पर जरूरी मेडिकल देखभाल मिले।

उन्होंने माता-पिता से यह भी कहा कि वे उसे बच्ची की सेहत और इलाज में हो रहे सुधार के बारे में जानकारी देते रहें।

अपने परिवार की गुहार पर मदद करने के लिए कुमारस्वामी को धन्यवाद देते समय बच्ची भावुक हो गई। उसने भरोसा जताया कि उनके आशीर्वाद से वह ठीक हो जाएगी, जिसे देखकर मंत्री भी काफी भावुक हो गए।

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बनाने वाली कंपनी के टेक्नीशियन भी वहां मौजूद थे, जिन्होंने बच्ची के माता-पिता को इसे चलाने और इस्तेमाल करने का तरीका समझाया।

इस एडवांस पोर्टेबल ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की एक खास बात यह है कि नव्य श्री इसे स्कूल बैग की तरह अपने साथ कहीं भी ले जा सकती है। इससे उसे जरूरी ऑक्सीजन सपोर्ट लेते हुए भी इधर-उधर आने-जाने में काफी आसानी होगी।

कुमारस्वामी ने कहा, "रामनगर जिले के हारोहल्ली तालुक के मारलावाडी होबली स्थित सुंडाघट्टा गांव की रहने वाली 14 वर्षीय नव्या श्री को एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दिया गया है। नव्या श्री, जो राजलक्ष्मी और चंद्रू की बेटी हैं, सांस लेने में तकलीफ से जूझ रही हैं। इस ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की खासियत यह है कि बच्ची इसे स्कूल बैग की तरह अपने साथ कहीं भी ले जा सकती है। यह एक अत्याधुनिक और बेहतरीन उपकरण है।"

उन्होंने आगे कहा, "बीमारी से जूझ रही एक होनहार छात्रा, नव्या श्री के माता-पिता के अनुरोध पर, मैंने उनके लिए 2.50 लाख रुपये की कीमत वाला एक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराया है। मैंने बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है और उसके माता-पिता से कहा है कि वे मुझे उसके इलाज और स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में नियमित रूप से जानकारी देते रहें।"

--आईएएनएस

एससीएच